Gohana में जमीन विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 150 लोगों पर लगे गंभीर आरोप...जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 02:13 PM (IST)

गोहाना (सुनील जिंदल): गोहाना की एकता कॉलोनी में जमीनी विवाद के चलते दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और पुलिस केस तक पहुंच गया। पीड़ित परिवार ने करीब 150 लोगों पर हमला करने, महिलाओं के साथ अभद्रता करने, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल व नकदी छीनने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। 

पीड़ित अशोक पुत्र रामकुवार निवासी एकता कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 मई की सुबह कुछ लोग उनके निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे और वहां से ईंटें ट्रॉलियों में भरकर ले जाने लगे। विरोध करने पर कहासुनी हो गई। अशोक के अनुसार उन्होंने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।

PunjabKesari

शिकायतकर्ता के मुताबिक बाद में आरोपी पक्ष के लोगों ने एकजुट होकर अशोक, रोहताश, पूनम बाला, रीना और रवि के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और रिवॉल्वर के बट से हमला किया तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जान बचाने के लिए उन्हें घर के अंदर भागना पड़ा, लेकिन आरोपी वहां भी घुस आए।

महिलाओं के साथ अभद्रता, कपड़े फाड़ने और जबरन गाड़ी में डालने के आरोप

PunjabKesari
 

परिवार ने महिलाओं के साथ अभद्रता, कपड़े फाड़ने और जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश करने के आरोप भी लगाए हैं। घटना में घायल अशोक, रोहताश और पूनम को पहले गोहाना के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें बीपीएस मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट में तीनों के शरीर पर चोटें दर्ज की गई हैं। 

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ताओं द्वारा भेजी गई वीडियो और मौके की जांच में कुछ आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस ने कहा कि रिवॉल्वर कनपटी पर लगाने, महिलाओं के कपड़े फाड़ने, छेड़छाड़, जबरन गाड़ी में डालने और मोबाइल-नकदी छीनने जैसे आरोपों के पर्याप्त साक्ष्य फिलहाल नहीं मिले हैं।

हालांकि मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच में मारपीट की घटना सही पाई गई है। थाना शहर गोहाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)         

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static