गन्नौर तहसील में रजिस्ट्रियों का ''बड़ा खेल''? अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री की शिकायतों पर बैठी जांच, SDM संभालेंगे कमान
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 10:32 AM (IST)
गन्नौर(कपिल): तहसील गन्नौर में रजिस्ट्री प्रक्रिया में अनियमितताओं और अवैध कालोनियों में रजिस्ट्री किए जाने की शिकायत पर जांच शुरू हो गई है। इस संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता सहदेव शर्मा ने सीएम विंडो पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र में नियमों को ताक पर रख कर अवैध कालोनियों में भी रजिस्ट्री की जा रही है, जिससे सरकारी नियमों का उल्लंघन हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने जांच के आदेश दे दिए हैं। गन्नौर एसडीएम को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और उनसे विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिकायतकर्ता सहदेव शर्मा ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय से कुछ शिकायतें उनके पास जांच के लिए भेजी गई हैं। उन शिकायतों में यदि रजिस्ट्री प्रक्रिया में अनियमितताओं से संबंधित कोई जांच होगी तो वह निश्चित तौर पर निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।