फरीदाबाद में खूनी संघर्ष ; दो पक्षों में चलीं लाठी-डंडे और फायरिंग में एक गंभीर घायल, 15 लोगों पर केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 03:02 PM (IST)
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद के थाना भूपानी क्षेत्र में बुधवार शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गांव कंवारा कलां स्थित ऋचा कंपनी के पास हुई मारपीट और गोलीबारी की घटना में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस पुरे घटनाक्रम में दोनों तरफ से गोलीबारी की गई थी
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच राजेश, अरुण और उनके कुछ साथी क्रेटा गाड़ी में कंवारा मोड़ से डूंगरपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक इनोवा गाड़ी से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। इनोवा में अजय और उसके कुछ साथी सवार थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्ष एक ही गांव से जुड़े हुए हैं और उनके बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले गांव में होर्डिंग लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसका मामला पुलिस तक भी पहुंचा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था और बुधवार को हुई गाड़ियों की टक्कर ने विवाद को फिर भड़का दिया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान गोलीबारी भी हुई। उनके अनुसार कंवारा गांव के पूर्व सरपंच केशव की मौजूदगी में चलाई गई गोली से डूंगरपुर निवासी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि सुनील को दो गोलियां लगीं, जिनमें एक कंधे और दूसरी पेट में लगी। घायल अवस्था में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना में बिट्टू और मेहतार नामक दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। बिट्टू के हाथ में चोट आई है, जबकि मेहतार को मारपीट के दौरान चोटें लगी हैं। दोनों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि करीब आठ से दस लोग गाड़ियों में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने हमला किया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में दोनों आरोपी पक्षो के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है इस पूरे घटनाक्रम में लगभग 15 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)