कुरुक्षेत्र में दबंगई; कार रोककर युवक पर ईंटों से किया जानलेवा हमला, कैथल का आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 09:13 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में कार सवार युवकों को रोककर सामूहिक हमला करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना केयूके पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कर्ण सिंह उर्फ बंटी निवासी मोहना, जिला कैथल को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अन्य युवकों के साथ मिलकर कार सवारों पर ईंटों से हमला किया और उनकी कार में तोड़फोड़ की थी।
LNJP अस्पताल के पास शुरू हुआ विवाद
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, रावगढ़ निवासी दिनेश उर्फ मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 22 जुलाई 2026 को वह अपने दोस्त अनिल कुमार निवासी नरवाना, जींद, साहिल निवासी पेहवा और लविस निवासी सैसा के साथ कार में मिर्जापुर गया था।
रात करीब 11:30 बजे काम निपटाकर सभी वापस घर लौट रहे थे। जब वे एलएनजेपी अस्पताल के आगे पहुंचे तो बाइक पर सवार तीन युवक उनकी कार के पास आए और गाली-गलौज करने लगे। युवकों ने कार नहीं रोकी।
बाल्मीकि हॉस्टल के पास कार रुकवाकर हमला
शिकायत के अनुसार, जब वे छोटा रेलवे स्टेशन से ब्रह्मसरोवर की ओर मुड़े तो बाल्मीकि हॉस्टल के पास आरोपियों ने उनकी कार रुकवा ली। कार से नीचे उतरते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने बाल्मीकि हॉस्टल से अन्य युवकों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर ईंटों से युवकों पर हमला किया और उनकी कार में तोड़फोड़ कर दी।
हमले में अनिल कुमार के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शिकायत के आधार पर थाना केयूके में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
कैथल का आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 5 सितंबर 2026 को थाना केयूके प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंधु के मार्गदर्शन में पीएसआई मांगे राम और उप निरीक्षक कमल कुमार की टीम ने आरोपी कर्ण सिंह उर्फ बंटी निवासी मोहना, जिला कैथल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया। पुलिस मामले में हमले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।