गोहाना में दिनदहाड़े स्कॉर्पियो पर बरसाई गोलियां, बदमाशों ने ताबड़तोड़ आठ से नौ राउंड की फायरिंग; सामने आई ये वजह
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 04:00 PM (IST)
गोहाना (सुनील जिंदल) : गोहाना में दिनदहाड़े कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे स्कॉर्पियो सवार लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। गोहाना के सोनीपत रोड स्थित खरखोदा मोड़ के पास दिनदहाड़े फायरिंग की वारदात से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, गांव बड़ौता निवासी रविंद्र और उसके तीन अन्य साथी कोर्ट में गवाही देकर स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दो गाड़ियों में सवार करीब आठ से नौ लोगों ने उनकी स्कॉर्पियो को घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने स्कॉर्पियो के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी और इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब आठ से नौ राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि रविंद्र और विनोद के बीच चार से पांच एकड़ जमीन को लेकर पिछले करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा है। इसी जमीन विवाद को फायरिंग की वजह बताया जा रहा है। आरोप विनोद पक्ष पर फायरिंग करने का है। जिस मामले में आज कोर्ट में पेशी थी, उसी पेशी से वापस लौटते समय यह हमला हुआ। हालांकि, स्कॉर्पियो बुलेटप्रूफ होने के कारण गाड़ी में सवार चार लोगों की जान बाल-बाल बच गई। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अब घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान और वारदात के कारणों की जांच कर रही है।