सोनीपत : गली से गुजर रहे बच्चे पर झपटा पिटबुल, बचाने आई बुआ को भी काटा... इलाके में फैली दहशत
punjabkesari.in Thursday, Sep 17, 2026 - 08:57 PM (IST)
सोनीपत(सुशील मोर) : सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में 6 महीने के मासूम पर पिटबुल ने हमला कर दिया।सीसीटीवी में कैद तस्वीरों में कुत्ता बच्चे पर झपटता नजर आ रहा है।हमले में मासूम और उसकी बुआ घायल हुए हैं।गंभीर हालत में बच्चे का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है।वहीं, कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में यह घटना उस वक्त हुई, जब 6 महीने के मासूम को उसकी बुआ गली से लेकर जा रही थी। तभी अचानक पिटबुल कुत्ता बच्चे की तरफ दौड़ता है और उस पर झपट पड़ता है।सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कुत्ता मासूम को दबोच लेता है। बच्चे की बुआ उसे बचाने के लिए प्रयास करती है। इसी दौरान कुत्ता उस पर भी हमला कर देता है।पिटबुल के हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह घायल हो गया। परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कुत्ते के मालिक की जिम्मेदारी को लेकर उठ रहा है। आखिर पिटबुल जैसे खतरनाक नस्ल के कुत्ते को किस तरह रखा जा रहा था और क्या उसके लिए जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था?वहीं, इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल मासूम का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है।