सोनीपत में STF को देखते ही फ्लाईओवर से कूदा बदमाश, हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में था फरार
punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:19 AM (IST)
सोनीपत ( सुशील मोर) : हिसार के टोल मैनेजर हत्याकांड के बाद फरार चल रहे बदमाशों का सोनीपत में एसटीएफ से सामना हुआ तो नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। नेशनल हाईवे 44 पर पानीपत की तरफ से दिल्ली जा रहे बदमाशों की गाड़ी का एसटीएफ सोनीपत लगातार पीछा कर रही थी। भिगान फ्लाईओवर पर एसटीएफ ने गाड़ी को घेर लिया और जैसे ही टीम ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो एक बदमाश ने बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी।
कई फीट नीचे गिरने से बदमाश बुरी तरह घायल हो गया,जबकि उसका साथी मौके पर ही एसटीएफ के हत्थे चढ़ गया। एसटीएफ ने मौके से गाड़ी और एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है। घायल मनोज उर्फ फिल्मी को सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि सचिन से एसटीएफ पूछताछ कर रही है।मनोज उर्फ फिल्मी के पहले से आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी सामने आई है। वहीं उसके साथी सचिन का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
वहीं इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसटीएफ इंचार्ज अजय धनखड़ ने बताया कि हिसार के बड़ो पट्टी टोल प्लाजा हत्याकांड में फरार चल रहे बदमाशों के बारे में टीम को सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने नेशनल हाईवे 44 पर बदमाशों की गाड़ी का पीछा किया और भिगान फ्लाईओवर पर उसे घेर लिया। एसटीएफ को देखकर मनोज उर्फ फिल्मी ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जबकि उसके साथी सचिन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गाड़ी और अवैध पिस्टल भी बरामद की है। घायल मनोज का अस्पताल में इलाज चल रहा है और गिरफ्तार सचिन से पूछताछ की जा रही है।