हरियाणा में होगी बम्पर भर्तियां, 50 हजार से ज्यादा युवकों को मिलेगा रोजगार: भोपाल सिंह

punjabkesari.in Friday, Jun 18, 2021 - 12:17 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया को और सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और क्रांतिकारी कदम उठाने जा रहा है। भविष्य में होने वाली भर्तियां पूरी तरह से चाक-चौबंद और टेक्नोलॉजी के आधार पर करवाई जाएंगी। जिसमें अब कैंडिडेट के पास चीटिंग और अपनी जगह दूसरे कैंडिडेट से पेपर दिलवाने के सारे फार्मूले फेल हो जाएंगे। प्रदेश के काबिल युवाओं को बिना पर्ची- बिना खर्ची नौकरी देने के सरकार के वायदे को पूरा करने के लिए हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन दूसरे प्रदेशों की भर्ती प्रक्रिया को भी पूरी तरह से रीड कर रहा है। आने वाले समय में प्रदेश में 50000 युवाओं को चयन प्रक्रिया के तहत नौकरियां देने को लेकर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग युद्ध स्तर पर काम कर रहा है।आज पंजाब केसरी ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह से इस बारे विशेष मुलाकात की। जिसमें और भी कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बातचीत के कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रश्न : हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन कब  और कितनी भर्तियां करने जा रहा है ?
उत्तर : 
हमने पैरामेडिकल स्टाफ की भर्तियों का शेड्यूल लगभग जारी कर दिया है। हमने यह समाचार पत्रों और हमारी वेबसाइट में डाल दिया है। स्टाफ नर्स, एमपीएचडब्ल्यू, टीवी वर्कर्स, ऑपरेशन थिएटर के असिस्टेंट जैसी लगभग 3200 पोस्टों का एग्जाम पंचकूला में ही 16-17 जुलाई को होने जा रहे हैं।

प्रश्न : नई भर्ती प्रक्रिया के तहत 2021 में करीब कितनी भर्तियां हो सकती हैं ?
उत्तर : 
पैरामेडिकल स्टाफ की भर्ती के तुरंत बाद हम 8000 पुलिसकर्मियों की भर्ती करने जा रहे हैं। जिसमें 7200 मेल-फीमेल कांस्टेबल और 465 सब- इंस्पेक्टर जिनमें 400 मेल और 65 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। हम 524 कमांडो की भी भर्ती करने जा रहे हैं। यह प्रक्रिया भी अगले दो-माह में हम पूरी कर लेंगे।

प्रश्न : वित्त वर्ष 2021-22 में कुल कितनी भर्तियां होने की संभावना है ?
उत्तर : 
अभी हमने जो टेक्नोलॉजी अपनाई है उसके तहत हम डाक्यूमेंट्स ऑनलाइन वेरिफिकेशन करेंगे। स्टूडेंट को फिजिकली यहां नहीं आना पड़ेगा। जिससे भर्ती भी बहुत स्पीड अप हो जाएगी। अनुमान है कि आने वाली 31 मार्च तक हम 25000 भर्ती कंप्लीट कर चुके होंगे।

प्रश्न : पिछली 22 हजार और 25 हजार अबकी भर्तियां मिलाकर यानि कुल 50 हजार के करीब भर्तियां होंगी ?
उत्तर : 
बिल्कुल 31 मार्च 2022 तक हम लगभग पचास हजार पदों पर नियुक्तियां कर देंगे।

प्रश्न : क्या कुछ संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर कर्मचारी चयन आयोग संभावित रूप से परीक्षा नहीं करवाना चाहता ?
उत्तर : 
अभी हमारी ग्राम सचिव की जो भर्ती कैंसिल हुई थी, उसमें सरकार ने पुलिस और सिविलियंस की एक एसआईटी गठित की थी। उसमें हमारे पास पूरे हरियाणा से सभी संवेदनशील सेंटर और जिलों की सूची आ गई थी। वहां के प्रशासन ने खुद भी हमें रिकमेंड किया था कि इन सेंटरों पर- इन जिलों में एग्जाम कंडक्ट नहीं करना। हम एहतिहात बरतेगे।

प्रश्न : प्रदेश में ऐसे कौन-कौन से और कुल कितने संवेदनशील जिले हैं ?
उत्तर : 
चिन्हित जिलों में रोहतक-झज्जर-मेवात और सोनीपत ऐसे जिले हैं जिनमें हम परीक्षा नहीं करवाएंगे। दादरी जिले की कैपेसिटी ही केवल 4000 होने के कारण हम अभी उसे भी नहीं ले रहे।

प्रश्न : क्या पुरानी वैकेंसियों को भी आप प्राथमिकता पर रखेंगे ?
उत्तर : 
बिल्कुल उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। जितनी भी सरकार की डिमांड हमारे पास आई हुई है। हम प्राथमिकता के आधार पर और पूरी शिद्दत के साथ उसे कंप्लीट करेंगे।

प्रश्न : वन टाइम रजिस्ट्रेशन की स्थिति क्या है और कितने बच्चों की रजिस्ट्रेशन हो चुकी है ?
उत्तर : 
वन टाइम रजिस्ट्रेशन के फार्म अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 जून है। अभी तक के आंकड़ों के अनुसार साढे चार लाख लोगों ने पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करवा लिया है। मेरा आपका माध्यम से हरियाणा के युवाओं से अपील है कि जिन्होंने अपने रजिस्ट्रेशन नहीं करवाए वह करवा लें। क्योंकि भविष्य में हरियाणा में सभी भर्तियां वन टाइम रजिस्ट्रेशन के आधार पर ही होंगी। जिसके पास रजिस्ट्रेशन होगा वही हरियाणा में कर्मचारी चयन आयोग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवा पाएगा।

प्रश्न : वन टाइम रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि सरकार द्वारा पहले भी बढ़ाई गई थी। क्या इसके लिए आप आगे भी सरकार से वकालत करेंगे ?
उत्तर : 
लगभग हरियाणा में पांच से साडे पांच लाख युवा बेरोजगार हैं। कई बार कैंडिडेट 5-5 सीटों के लिए अप्लाई कर देते हैं। तो संख्या बहुत ज्यादा हो जाती है। वन टाइम के कारण वह एक ही बार अब अप्लाई करेगा। सरकार के पास भी बेरोजगार युवाओं के इतने ही आंकड़े हैं।

प्रश्न : वन टाइम रजिस्ट्रेशन में सारे डाक्यूमेंट्स देने के बाद क्या कैंडिडेट कभी भी अपने ओर कोई डॉक्यूमेंट रजिस्टर्ड करवा सकता है ?
उत्तर : 
वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल हर समय खुला रहेगा। अगर कैंडिडेट की क्वालिफिकेशन आज 12वीं है और 2 साल बाद वह ग्रेजुएशन पूरी कर लेता है तो उसकी क्वालिफिकेशन इसमें ऐड की जा सकेगी या कुछ चीज वह इसमें से डिलीट करना चाहता है जैसे पहले घर में नौकरी नहीं थी, आज मिल गई तो उसे भी वह डिलीट कर पाएगा। यह विकल्प हर समय कैंडिडेट के लिए खुला रहेगा। वह अपना स्कोर सुधारने के लिए-अपने हाईएस्ट क्वालिफिकेशन को ऐड करने के लिए किसी भी समय पोर्टल पर जा सकता है।

प्रश्न : वन टाइम रजिस्ट्रेशन को क्या आप काउंटर चेक करवा रहे हैं। क्योंकि बच्चों को इसमें कई टेक्निकल दिक्कतें आ रही हैं ?
उत्तर : 
बीच-बीच में बच्चे हमारे ध्यान में उनके सामने आई दिक्कतों को लाते रहते हैं। त्रुटियों को हम समय-समय पर ठीक करते रहते हैं। अभी तक मेजर प्रॉब्लम यह आई थी कि अगर किसी का दो इंस्टिट्यूट से अनुभव है तो पोर्टल एक ही डॉक्यूमेंट को उठा रहा था। इस त्रुटि को ठीक कर दिया गया है।

प्रश्न : कॉमन एजिबिलिटी टेस्ट क्या है और यह किस एजेंसी द्वारा करवाया जाएगा ?
उत्तर : 
कॉमन एजिबिलिटी टेस्ट को नेशनल टेस्टिंग अथॉरिटी करवाने जा रही है। यह बहुत ईमानदारी और पारदर्शिता से पूरे देश में काम करती है। वह ही वन टाइम रजिस्ट्रेशन का सीईटी को कंडक्ट करेगी।

प्रश्न : इसका लाभ क्या रहने वाला है ?
उत्तर : 
सीईटी क्वालिफाइड लोग ही हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के पास स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए आएंगे। उनका फायदा यह रहेगा कि जो हम लाखों की संख्या में एग्जाम लेते हैं। वह संख्या हमारे पास केवल 3 गुना ही रह जाएगी। जैसे 5000 क्लर्कस की भर्ती के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट सिर्फ 15000 लोगों का ही लिया जाएगा। जो कि अभी तक 15 से 20 लाख लोगों का ले रहे थे। इस संख्या को कम करने के लिए सरकार द्वारा लाई गई यह बहुत अच्छी योजना है।

प्रश्न : परीक्षाओं में नकल रुके-पारदर्शिता रहे और पेपर लेकर जैसे मामले आपकी सारी व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह न लगा पाए, इसके लिए क्या योजना है ?
उत्तर :
मैंने 6 साल तक यहां सदस्य के रूप में भी काम किया है और मुझे बहुत खुशी है कि आज तक हमारा कोई पेपर लीक या आउट नहीं हुआ है। कुछ सेंटरों पर चीटिंग की घटनाएं जरूर हुई है। हमने इन चीजों को पूरी तरह से स्टडी किया, दूसरी स्टेटो की कार्यप्रणाली पर स्टडी की और नई टेक्नोलॉजी पर भी स्टडी की। अब हमारे पास ऐसी टेक्नोलॉजी आने वाली है कि चीटिंग भी कैंडिडेट के लिए संभव नहीं रहेगी। इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देने वाला पूरा माफिया भी पुलिस के शिकंजे में आ चुका है।

प्रश्न : कैंडिडेट की जगह दूसरा कोई पेपर न दे पाए इसके लिए भी क्या कोई कदम उठाए गए हैं ?
उत्तर : 
एक के स्थान पर दूसरा व्यक्ति पेपर दे इसको इन परसोंनेशन कहते हैं। सरकार की हिदायतो के अनुसार हम बायोमेट्रिक नहीं करवा सकते। लेकिन टेक्नोलॉजी ने इसके लिए भी अलग से सिस्टम निकाल लिया है। कैंडिडेट्स के फेस और आइज की रीडिंग की जाएगी। जब हमारे पास कैंडिडेट स्कूटनी पर आएगा तो हम उसे देखेंगे कि यह परीक्षा देने वाला कैंडिडेट है या नहीं। साथ ही जिस विभाग में उसकी पोस्टिंग हुई है, वहां सिलेक्शन के लिए जब वह जाएगा तो वहां भी दोनों चीजें उससे मैच करेंगे कि कैंडिडेट ओरिजिनल है या नहीं। इस तरह इन मामलों पर रोक लगाना बहुत आसान रहेगा।

प्रश्न : अध्यक्ष होने के नाते आप युवा वर्ग को कैसे आश्वस्त करना चाहते हैं ?
उत्तर : 
मैं युवा वर्ग से यही कहना चाहूंगा कि सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से मेरिट के आधार पर भर्ती कर रही है। किसी भी गलत प्रकार की गतिविधियों को मन से निकाल कर अपने एग्जाम की तैयारी करें। हरियाणा में नौकरियों का अंबार लगने वाला है। 5-6 साल से माननीय भारत भूषण भारती जी के नेतृत्व में जैसा काम हो रहा था वह जारी रहेगा और स्पी़डअप होगा। जिन बच्चों ने आज तक वन टाइम पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन नहीं करवाया वह जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन करवाएं। पोर्टल 30 जून तक खुला रहेगा। क्योंकि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन ने 30 जून के बाद सभी भर्तियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन के तहत करवाने का फैसला किया है।

प्रश्न : पिछली परीक्षाएं किस प्रक्रिया के तहत ली जाएंगी ?
उत्तर : 
पिछली भर्तियां पिछले पैटर्न पर पिछले क्राइटेरिया पर ही होंगी। 

प्रश्न : 50,000 भर्तियों के अलावा भी क्या कुछ विभागों से कोई प्रस्ताव आए हैं ?
उत्तर : 
लगभग 20 से 22000 की एक्विजिशन अगले माह में आने वाली हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static