बस ने बाइक सवार को कुचला, सड़क पर तड़प-तड़प कर तोड़ दिया दम

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 08:37 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): भांगरौला गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी बाल-बाल बच गया और उसे मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने खेड़की दौला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के सीतामढ़ी पुनोरा धाम निवासी धर्मेंद्र भांगरौला गांव में किराएदार के रूप में रहते हैं, अपने दोस्त धर्मेंद्र निवासी छतरपुर मध्य प्रदेश के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हरचंद चौक से भांगरौला की तरफ आ रहे थे। बाइक मध्य प्रदेश निवासी धर्मेंद्र चला रहा था। शिकायतकर्ता धर्मेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वे भांगरौला गांव के चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक सफेद रंग की बस को वे क्रॉस करने लगे। इसी दौरान बस चालक ने अत्यंत तेज गति व लापरवाही से बस चलाते हुए अचानक कट मार दिया। कट लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

 

बाइक चालक धर्मेंद्र सड़क पर उस तरफ गिरा जहां बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से उतर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पीछे बैठा शिकायतकर्ता सड़क के दूसरी ओर गिरा, जिससे उसे मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर बस लेकर मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पाकर खेड़की दौला थाने के जांच अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर गुरुग्राम के मोर्चरी हाउस भिजवाया। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर आरोपी बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश में जुटी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static