नूंह पहुंचे कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, KMP के आसपास इंडस्ट्रियल टाउनशिप की तैयारी तेज; नई पॉलिसी होगी जल्द लागू

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 04:46 PM (IST)

नूंह (एके बघेल) : शुक्रवार को लघु सचिवालय नूंह में हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह की अध्यक्षता में हुई ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। मासिक जनसुनवाई बैठक में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निपटान कर दिया गया, जबकि 5 शिकायतों को लंबित रखा गया है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अगली बैठक से पहले लंबित मामलों का समाधान कर लिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बैठक में अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे सरकार की प्राथमिकताओं के अनुसार काम करें और आम जनता की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अधिक से अधिक सुविधा मिल सके।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बैठक प्रेसवार्ता के दौरान बताया सरकार ने कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे के आसपास इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम तेज कर दिया है। पहले घोषित 5 टाउनशिप के साथ अब कुल 10 इंडस्ट्रियल टाउनशिप विकसित करने की तैयारी है। यमुनानगर (रामबाड़ा) सहित कुछ स्थानों की जमीन चिन्हित की जा चुकी है, जबकि पलवल, जींद और रेवाड़ी में भी जल्द जमीन चयन और खरीद प्रक्रिया शुरू होगी।

सरकार नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी को मई के पहले सप्ताह तक लागू करने की तैयारी में है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा। महंगी जमीन की समस्या को देखते हुए उद्योगों को लीज पर जमीन देने का विकल्प भी प्रस्तावित है। मंत्री ने कहा इसके अलावा मेवात क्षेत्र में पानी की समस्या के समाधान के लिए नई ड्रेनेज योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे बरसाती पानी को संरक्षित कर सिंचाई में उपयोग किया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static