Haryana में करोड़ों का गांजा जब्त; रोहतक पुलिस ने भंडाफोड़ कर 3 तस्कर दबोचे, बोरियों में छिपाई थी खेप...
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 02:52 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 221 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बरामद गांजा छत्तीसगढ़ से हरियाणा लाया जा रहा था, जिसकी सप्लाई प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में की जानी थी।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नारकोटिक्स विभाग की दो टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए ट्रक में मछली के दाने (फिश फीड) की बोरियों के बीच गांजे की खेप छिपा रखी थी। हालांकि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रक की गहन तलाशी ली और पूरा मामला सामने आ गया।
एसआई मनोज कुमार की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कलानौर क्षेत्र से होकर नशीले पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और तलाशी के दौरान 221 किलो गांजा बरामद कर लिया। मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कलानौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप किसके कहने पर लाई जा रही थी, इसे हरियाणा में किन-किन लोगों तक पहुंचाया जाना था तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने कहा कि रोहतक पुलिस जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)