Rohtak News: रोहतक पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव पर शिकंजा, 60 चालान, 246 लोग डिटेन

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 03:42 PM (IST)

रोहतक ( दीपक भारद्वाज) : रोहतक पुलिस ने जिले में कानून व्यवस्था मजबूत करने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आयुष यादव ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अभियान के दौरान एक ही दिन में शराब पीकर वाहन चलाने के 60 मामलों में चालान किए गए।

एसपी ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए 246 लोगों को पुलिस ने डिटेन किया। सभी को संबंधित थानों में ले जाकर पूछताछ की गई तथा उनके परिजनों को भी इसकी सूचना दी गई। इसके अलावा विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के करीब 70 अन्य चालान भी किए गए।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 600 से अधिक वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किए गए। पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि लोगों में यातायात नियमों और कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों में कमी लाई जा सके।

रात्रि चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता भी मिली। दो युवकों के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार कहां से लाए गए और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

एसपी आयुष यादव ने कहा कि जिले में आगे भी इसी तरह विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जाएगी। उनका कहना था कि नियमित चेकिंग अभियान से न केवल सड़क सुरक्षा बेहतर होगी बल्कि अपराध पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक होने की अपील भी की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static