बहादुरगढ़ केएमपी एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा...कैंटर गाड़ी ने टाटा 407 को मारी टक्कर, 1 की मौत; दूसरा गंभीर रूप से घायल

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 03:54 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ से होकर गुजर रहे केएमपी एक्सप्रेसवे पर आसौदा टोल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के रहने वाले कृष्ण चंद्र और हेमराज गुड़गांव से अपनी टाटा 407 गाड़ी खाली करके वापस हिमाचल लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी केएमपी एक्सप्रेसवे पर आसौदा टोल के पास पहुंची, अचानक गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। दोनों सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदलने लगे।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक आयशर कैंटर गाड़ी ने उनकी टाटा 407 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कृष्ण चंद्र और हेमराज दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों को शहर के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद कृष्ण चंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हेमराज का इलाज फिलहाल ट्रॉमा सेंटर में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static