कैंटर ने उजाड़ा परिवार, शोक सभा में जा रही महिला की दर्दनाक मौत...हंसता-खेलता परिवार बिखरा
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 07:05 PM (IST)
पानीपत(सचिन): शहर के औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। यहां एक बेकाबू कैंटर चालक ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 55 वर्षीय महिला की कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक महिला की पहचान पानीपत के गांव नंगला पार निवासी परकाशी देवी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, परकाशी देवी अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदारी में अंतिम क्रिया (शोक सभा) में शामिल होने जा रही थीं। जैसे ही उनकी बाइक सेक्टर-29 के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कैंटर चालक बहुत तेज गति में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे और परकाशी देवी कैंटर के टायर के नीचे आ गईं। हादसे में उनके पति और एक अन्य साथी को भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही सेक्टर-29 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। फरार कैंटर चालक की तलाश के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।