दिल्ली के बाद गुड़गांव में तेज रफ्तार का कहर- कार ने दो काे कुचला, वारदात के बाद आरोपी फरार

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 11:38 AM (IST)

गुड़गांव,(ब्यूरो): दिल्ली के रजोकरी में तेज रफ्तार थार के कहर के बाद अब गुड़गांव में भी ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। इस बार यह कहर थार गाड़ी ने नहीं बल्कि बलेनो गाड़ी ने बरपाया है जिसने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को कुचल दिया। पूरा घटनाक्रम एक गाड़ी के डेशकैम में रिकॉर्ड हो गया। घटना के बाद आरोपी कार चालक फरार हो गया। 

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, घटना सेक्टर-75 में हुई। यहां एक तेज रफ्तार बलेनो गाड़ी ने दो लोगों को कुचल दिया और गाड़ी सड़क के बीच बने डिवाइडर की ग्रीन बेल्ट तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। बताया जा रहा है कि जिस गाड़ी के डैशकैम में यह पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ वह गाड़ी पास ही बने पेट्रोल पंप से बाहर निकल रही थी। इस गाड़ी द्वारा अचानक ही गाड़ी को रोड पर चढ़ा दिया गया जिसको बचाने के चक्कर में पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बलेनो गाड़ी के चालक ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया और गाड़ी को बचाते हुए वह डिवाइडर के बीच में बने गैप में खड़े दो लोगों को कुचलते हुए ग्रिल तोड़कर ग्रीन बेल्ट में जा घुसी। 

 

वीडियो में नजर आ रहा है कि जिस गाड़ी से यह दुर्घटना हुई उस गाड़ी का चालक पहले गाड़ी से नीचे उतर कर आया और दोनों घायलों को देखा। इस दौरान लोगों की भीड़ भी यहां जुट गई। वहीं, भीड़ होने का फायदा उठाकर गाड़ी को ग्रीन बेल्ट से बाहर निकालने के बहाने आरोपी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। जिस बलेनो गाड़ी से यह दुर्घटना हुई उस गाड़ी पर टेम्परेरी नंबर लगा हुआ था। घटना में घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, वायरल हो रही इस घटना की वीडियो को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static