हवाई जहाज की तरह कार में भी लगेगा ब्लैक बॉक्स, पता लग जाएगा दुर्घटना का कारण, छात्र ने तैयार किया मॉडल

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 11:25 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): अब तक आपने हवाई जहाज में ब्लैक बॉक्स लगाए जाने की बात तो सुनी है, लेकिन अब हम कहें कि आपकी कार में भी यह ब्लैक बॉक्स लग सकता है जो आपकी गाड़ी की हर गतिविधि को रिकॉर्ड करेगा। दुर्घटना होने पर दुर्घटना के असल कारण भी बताएगा तो शायद आपको यकीन नहीं होगा। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है लेफ्टिनेंट अतुल कटारिया स्कूल के 11वीं कक्षा के छात्र पार्थ धीमान ने। पार्थ ने एक ऐसा मॉडल तैयार किया है जिसे कार के ब्लैक बॉक्स के रूप में प्रयोग किया जा सकता है। इस पर अभी वह और भी कार्य कर रहे हैं और वर्तमान में तैयार किए गए इस ब्लैक बॉक्स को टेलीकॉम और एआई से भी जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं ताकि आपात स्थिति में यह ब्लैक बॉक्स स्वत: एक्शन लेते हुए स्थानीय प्रशासन एवं आपातकालीन सेवाएं प्रदान करने वाले विभागों में सिग्नल भेजकर सहायता पहुंचा सके।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

17 वर्षीय पार्थ स्कूल के हैक क्लब का हिस्सा है और तकनीक में आगे बढ़ने के लिए उसने दिन रात मेहनत की और तीन महीने में तीन अलग-अलग मॉडल तैयार किए। इन मॉडल के बलबूते पर उसने चीन के शेन्जेन में आयोजित होने वाले हैक क्बल फॉलआउट में भाग लिया और भारत का प्रतिनिधित्व किया। चीन में आयोजित फॉलआउट में भाग लेकर वापस गुड़गांव लौटे पार्थ ने अपना अनुभव स्कूल स्टाफ और छात्रों के साथ सांझा किया। पार्थ ने बताया कि उसने चीन में रहते हुए ग्रुप कार्य करते हुए एक मॉडल भी तैयार किया और अपने स्कूल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। 

 

पार्थ धीमान की मानें तो उन्होंने तीन महीने पहले संकल्प लिया था कि एक दिन वह हैक क्लब फॉलआउट का हिस्सा बनेगा। अपने दृढ़ निश्चय और अथक परिश्रम के बल पर उन्होंने यह सपना साकार किया। शेन्ज़ेन में आयोजित इस प्रतिष्ठित हार्डवेयर हैकाथॉन में उन्होंने विश्वभर से आए प्रतिभाशाली छात्र नवाचारकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य किया और अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें पूरे विश्व से 100 लोगों का चयन किया जाता है जिसमें एक नाम उसका भी शामिल हुआ।

 

कार्यक्रम के दौरान पार्थ ने विश्वप्रसिद्ध चाइहुओ मेकर्स्पेस (Chaihuo Makerspace) में हार्डवेयर निर्माण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। उन्होंने हुआकियांगबेई इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट (Huaqiangbei Electronics Market) का भ्रमण किया, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) डिज़ाइन किए, हार्डवेयर संबंधी तकनीकी समस्याओं का समाधान किया तथा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में अमूल्य अनुभव अर्जित किया।

 

इस आयोजन का एक विशेष आकर्षण Hack Club के संस्थापक ज़ैक लट्टा (Zach Latta) से मुलाकात रही। विश्वभर के युवा नवाचारकर्ताओं के साथ मिलकर कार्य करना और उनसे सीखना पार्थ के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय अनुभव रहा। अपने अनुभव साझा करते हुए पार्थ ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक हैकाथॉन नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, सीखने की लगन और नवाचार के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने Hack Club के सभी आयोजकों, स्वयंसेवकों, मार्गदर्शकों एवं साथी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शेन्ज़ेन मेरी मंज़िल नहीं, बल्कि मेरी यात्रा का पहला अध्याय है। अब मेरा लक्ष्य और बड़े सपने देखना तथा इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नई उंचाइयां हासिल करना है। पार्थ की इस उपलब्धि के लिए स्कूल प्रधानाचार्य सहित समस्त स्टाफ ने उनका हौंसला बढ़ाया और इसी तरह से भविष्य में अपना और स्कूल का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static