कुरुक्षेत्र में SGPC के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 पर केस दर्ज, जानें क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 08:51 AM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, शाहाबाद में हुई मारपीट और विवाद के मामले में पुलिस ने सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट समेत 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के मीत प्रधान गुरबीर सिंह तलाकौर की शिकायत पर की गई है।

पुलिस ने बताया कि यह मामला 20 मार्च का है, जब संस्थान में सेवा संभाल को लेकर विवाद हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना शाहाबाद में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गुरबीर सिंह तलाकौर ने अपनी शिकायत में कहा कि वे अपने साथियों के साथ संस्थान में चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान वे संस्थान के कार्यालय में बातचीत कर रहे थे। उन्होंने संस्थान को HSGMC के अधीन लाने का पक्ष रखा।

आरोप है कि इसी दौरान SGPC से जुड़े कुछ लोग हथियारों के साथ वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, पगड़ी और दाढ़ी के साथ अभद्रता की तथा जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि उस दिन दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया था, जिसके चलते पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ लोगों को पुलिस सुरक्षा में बाहर निकाला गया था। घटना की वीडियो भी सामने आई थी।

पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पहले शिकायत दी गई थी। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static