जींद में पराली जलाने पर 5 किसानों पर केस, इन गांवों में हुई सख्त कार्रवाई
punjabkesari.in Monday, Nov 10, 2025 - 07:06 PM (IST)
जींद : जींद जिले में प्रशासन की सख्त हिदायतों और जागरूकता अभियानों के बावजूद पराली जलाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीते दो दिनों में पराली जलाने के कुल 5 मामले सामने आए हैं। शनिवार को 3 और रविवार को 2 मामलों में कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने संबंधित किसानों पर मुकदमा दर्ज कर जुर्माना लगाया है, साथ ही उनकी जमीनों पर रेड एंट्री भी दर्ज की गई है।
कृषि अधिकारी ऋषिपाल के अनुसार, 6 नवंबर को बड़ौदी गांव में पराली जलाने की सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और पाया कि किसान रामफल अपने खेत में पराली जला रहे थे। इस पर विभाग ने उन पर 5 हजार रूपये जुर्माना लगाया और पुलिस में FIR दर्ज कराई।
हंसडेहर गांव में भी जुर्माना
वहीं, दूसरे मामले में विभागीय कर्मचारी अमित ने बताया कि हंसडेहर गांव के खेतों में पराली जलाने की सूचना मिलने पर जांच टीम मौके पर पहुंची, जहां 8 कनाल भूमि पर धान के अवशेष जलाए गए पाए गए। टीम ने किसान शमशेर पर भी 5 हजार रूपये जुर्माना लगाया।
जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि पराली जलाने के बजाय वैकल्पिक प्रबंधन के उपाय अपनाएं, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)