जींद में शादी समारोह में मामूली कहासुनी खूनी झगड़े में बदली, पूर्व सैनिक की चाकू मारकर हत्या; 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 11:36 AM (IST)
जींद : हरियाणा के जींद से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां शादी समारोह में किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी एक खूनी संघर्ष में बदल गई। वहीं पूर्व फौजी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जींद के बराह खुर्द गांव की है। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विकास के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास सेना से सेवानिवृत्त था और करीब 10 माह पहले ही सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर नियुक्त हुआ था। जींद के बराह खुर्द गांव में शादी समारोह चल रहा था। इस दौरान विकास और परिवार के ही सतीश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अपशब्द कहे जाने पर विकास ने सतीश को थप्पड़ मार दिया।
देखते ही देखते दोनों के बीच हुए झगड़े ने विकराल रुप धारण कर लिया। सतीश के दोनों पुत्र अमन और अरुण भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सतीश के पुत्र अमन ने गुस्से में आकर विकास पर चाकू से तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में विकास को पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर सतीश और उसके दो बेटों अमन और अरुण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। सतीश और अमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि अरुण फराऱ है। फिलहाल पुलिस वारदात की गहनता से जांच कर रही है।