Yamunanagar: ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में पट्टी छोड़ने का मामला, अब तक आरोपी डॉक्टरों की नहीं हुई गिरफ्तारी
punjabkesari.in Friday, Feb 13, 2026 - 09:29 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में पट्टी छोड़ने के गंभीर आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। ऑपरेशन को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पांचों आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी देते हुए जगाधरी सिटी थाने के घेराव की बात कही है।
बता दें कि 13 मार्च 2025 को यमुनानगर के एक निजी अस्पताल में महिला मेहर खातून का सिजेरियन ऑपरेशन किया गया था। आरोप है SP अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरतते हुए महिला के पेट में पट्टी छोड़ दी थी। कुछ दिनों बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद जांच में इस गंभीर चूक का खुलासा हुआ। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन हरकत में आया। जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ के नेतृत्व में एक जांच टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मुख्य आरोपी डॉक्टर समेत कथित तौर पर झूठी सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट तैयार करने वाले डॉक्टर की लापरवाही के सबूत मिलने की बात सामने आई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी प्रभावशाली हैं और अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। कार्रवाई न होने से नाराज परिजन कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के दरबार में भी शिकायत लेकर पहुंचे थे। अब पीड़ित पक्ष ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे जगाधरी सिटी थाने का घेराव करेंगे और साथ ही एसपी और डीसी से भी मुलाकात कर न्याय की मांग करेंगे। फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि स्वास्थ्य व्यवस्था में इस तरह की कथित लापरवाही पर कब तक सख्त कार्रवाई होगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)