यमुनानगर में पुलिस मुठभेड़ में नौनी राणा गिरोह का शूटर गिरफ्तार, पुल से कूदते ही बदमाश की टूटी टांग
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 09:20 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के कस्बा थाना छप्पर के गांव सियालवाह में सीआईए द्वारा वांटेड बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही बदमाश वरुण ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके चलते एक गोली सब इंस्पेक्टर की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी जिससे वह बाल-बाल बच गया।
पुलिस पर एक के बाद एक बदमाश ने फायरिंग की और वहां से भागने लगा। फायरिंग के बाद जब पुलिस इस बदमाश को दबोचने के लिए इसके पीछे भागे तो बदमाश रेलवे के अंडरपास के ऊपर से नीचे कूद गया। अंडरपास की ऊंचाई ज्यादा होने के कारण बदमाश जब नीचे गिरा तो उसकी टांग टूट गई। तभी पुलिस ने उसके पीछे पहुंचकर उसे दबोच लिया। मौके से पुलिस को बदमाश के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है।
बता दें कि बदमाश हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। इससे पहले पुलिस ने इसको अपनी ही मौसी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में गिरफ्तार किया था, जबकि एक अन्य मामले में भी यह वांटेड था। हालांकि पुलिस का यह भी मानना है कि यह बदमाश गैंगस्टर काला राणा के भाई नौनी राणा के लिए हथियारों की तस्करी का काम करता था। फिलहाल पुलिस ने इसको हिरासत में लेने के बाद इसको इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है। यहां बदमाश का अब उपचार चल रहा है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर बदमाश का पिस्टल भी अपने कब्जे में ले लिया है और घटना स्थल का सीन ऑफ क्राइम टीम से पूरा जायजा भी करवा दिया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)