बराड़ा के अधोया गांव में गौ-हत्या का मामला आया सामने, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की शुरु
punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 10:09 AM (IST)
बराड़ा (अनिल कुमार) : बराड़ा के गांव अधोया (हिन्दवान) में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक दुधारू गाय की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में भारी रोष और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव अधोया निवासी लोकेश कुमार पुत्र नरेंद्र सिंह, जो पेशे से किसान हैं। उन्होंने थाना बराड़ा में शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पशु बाड़े में बंधी करीब छह वर्ष की दुधारू गाय की अज्ञात लोगों ने निर्मम तरीके से हत्या कर दी। पीड़ित के अनुसार गाय प्रतिदिन सुबह-शाम करीब 8 से 9 किलो दूध देती थी।
लोकेश कुमार ने बताया कि उनका पशु बाड़ा गांव के प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित है। 3 फरवरी की रात दूध निकालने के बाद गाय को बाड़े में बांध दिया गया था, लेकिन 4 फरवरी की सुबह करीब 7 बजे जब वे मौके पर पहुंचे तो गाय मृत अवस्था में मिली। गाय के दोनों अगले पैर लाल कपड़े से बंधे हुए थे और मुंह को रस्सी से कसकर बांधा गया था। बाड़े के मुख्य गेट का कुंडा भी खुला हुआ पाया गया। शिकायत के आधार पर बराड़ा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)