CBI की बड़ी कार्रवाई: बैंक घोटाले में वरिष्ठ IAS पंकज अग्रवाल गिरफ्तार, पहले आरके सिंह हो चुके अरेस्ट
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 09:24 AM (IST)
नई दिल्ली/चंडीगढ़(धरणी): केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा कैडर के पूर्व वरिष्ठ आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी करोड़ों रुपये के बहुचर्चित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक (IDFC First Bank) और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक घोटाले के सिलसिले में की गई है। पंकज अग्रवाल पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान सरकारी नियमों को ताक पर रखकर बैंक खाते खोले गए और ₹60.54 करोड़ के सरकारी फंड का गबन किया गया। इस मामले में किसी दूसरे आईएएस अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद से हरियाणा और दिल्ली के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
विभागीय फंड में हेराफेरी और नियमों का उल्लंघन
यह पूरा मामला हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (HSSPP) और हरियाणा स्टेट एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड (HSAMB) के फंड से जुड़ा हुआ है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, पंकज अग्रवाल जब स्कूल शिक्षा विभाग और कृषि विभाग में प्रधान सचिव के पद पर तैनात थे, तब चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की शाखा में संदिग्ध तरीके से खाते खोले गए थे।
सीबीआई की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वित्त विभाग की गाइडलाइंस का पूरी तरह से उल्लंघन कर इन खातों का संचालन किया गया। इनमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गईं और अवैध रूप से फंड को शेल कंपनियों (फर्जी कंपनियों) और निजी खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।
कौन हैं पंकज अग्रवाल?
पंकज अग्रवाल हरियाणा कैडर के 2000 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। मार्च, 2026 में उन्हें सिंचाई विभाग का प्रिंसिपल सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले हरियाण के चीफ इलेक्ट्रोरल ऑफिसर भी रह चुके हैं। पंकज अग्रवाल इसके अलावा स्कूल शिक्षा और कृषि एंव किसान कल्याण विभागों के भी प्रिंसिपल सेक्रेटरी रह चुके हैं। पंकज अग्रवाल मूलरूप से झारखंड के धनबाद से रहने वाले हैं। हरियाणा में उन्होंने अपनी सिविल सेवा की शुरुआत गुरुग्राम (तब गुड़गांव) के असिस्टेंट कमिश्नर हिपा के तौर पर की थी। इसके वह करनाल, झज्जर, रोहतक में तैनात हुए। 2007 में पंकज अग्रवाल को कुरुक्षेत्र का डीसी लगाया गया था। इसके बाद वह सोनीपत के भी डीसी रहे। इसके बाद से वह चंडीगढ़ में विभिन्न विभागों में ड्यूटी करके वर्तमान में प्रमुख सचिव सिंचाई के पद पर कार्यरत हैं।