कैथल में ठेके से कैश लेने पहुंचे युवकों पर फायरिंग की CCTV आई सामने, धनाधन गोलियां चलाते दिखे 2 बदमाश

punjabkesari.in Friday, Feb 20, 2026 - 04:56 PM (IST)

कैथल : कैथल शहर के जखोली अड्डा स्थित शराब के ठेके पर कैश लेने पहुंचे युवक पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में बलराज नगर निवासी अमित उर्फ सुनील बच्ची के बाएं हाथ की बाजू में गोली लगी, जिससे उसकी हड्डी भी फ्रैक्चर हो गई। फायरिंग की सीसीटीवी फुटेज सामने आई जिसमें दो बदमाश फायर करते दिख रहे है। घायल को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर दो नामजद सहित अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार जनकपुरी कॉलोनी निवासी राहुल जिले में सोनीपत की फर्म स्कॉचटैप को अलॉट शराब के ठेकों से कैश कलेक्शन का काम करता है। वीरवार रात करीब साढ़े 9 बजे राहुल अपने दोस्त अमित उर्फ सुनील बच्ची के साथ आई-20 कार में जखोली अड्डा स्थित ठेके पर कैश लेने आया था। जैसे ही राहुल गाड़ी से उतरकर कैश लेने ठेके की तरफ गया, उसी दौरान सड़क पर एक अन्य कार में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और आई-20 के पास आकर फायरिंग शुरू कर दी। 

अमित की बाजू में लगी गोली

अमित उस समय कार की कंडक्टर सीट पर बैठा था। आरोपियों ने पहले फायर किया, जो खाली निकल गया, लेकिन दूसरा फायर कार का शीशा तोड़ता हुआ अमित की बाई बाजू में जा लगा। गोली लगते ही अमित ने तुरंत गाड़ी की पिछली खिड़की खोली और जान बचाने के लिए अनाज मंडी की तरफ भाग गया। इस दौरान आरोपियों ने राहुल पर भी 4-5 राउंड फायर किए, हालांकि वह बाल-बाल बच गया। घायल युवक ने संदीप और अंकित सहारण को पहचान लिया है। दोनों के साथ उसकी पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static