Panipat: चुलकाना धाम मंदिर समिति की बैठक में जमकर हुआ हंगामा, बैठक रद्द

punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 03:37 PM (IST)

पानीपत (सचिन शर्मा) : पानीपत जिले में समालखा के चुलकाना धाम स्थित श्याम बाबा मंदिर समिति की बैठक हंगामे के बीच स्थगित कर दी गई। इस बैठक का एक वीडियो भी सामने आया है। मंदिर से जुड़ा यह विवाद पहले से ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जिसकी अगली सुनवाई 14 मई को होनी है। प्रधान रोशन लाल छौक्कर ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण बैठक को टाला गया है। उन्होंने कहा कि विचार-विमर्श के बाद नई तिथि तय की जाएगी। यह बैठक मंगलवार को प्रस्तावित थी।

प्रधान और महासचिव के बीच हुआ विवाद

बैठक के दौरान प्रधान और महासचिव के बीच विवाद हो गया। प्रधान इसे आमसभा बता रहे थे, जबकि महासचिव इसे कार्यकारिणी की बैठक कह रहे थे। प्रधान का तर्क था कि समिति की कोई कार्यकारिणी नहीं है, केवल 5 पदाधिकारी हैं। इसी मुद्दे पर हंगामा बढ़ गया और दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे का समर्थन करने लगे। तालमेल की कमी के चलते महासचिव पक्ष बैठक से उठ गया।

वायरल वीडियो में एक युवक मंदिर पर कब्जे का आरोप लगा रहा है। चुलकाना श्याम बाबा मंदिर में प्रतिवर्ष करोड़ों रुपए का दान आता है, जिसकी देखरेख समिति करती है। इस वीडियो के वायरल होने से यह मुद्दा गांव से लेकर शहर तक चर्चा का विषय बन गया है। मंदिर विवाद पहले से ही पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में लंबित है, जिसकी सुनवाई 14 मई को निर्धारित है। स्थानीय पंचायत ने सरकार को मंदिर के लिए श्राइन बोर्ड बनाने का प्रस्ताव भेजा है। सरपंच सतीश छौक्कर ने आरोप लगाया कि समिति भक्तों के दान के पैसे को अपना मानकर खर्च कर रही है और उनकी आस्था व व्यवस्था से उनका कोई सरोकार नहीं है। यही कारण है कि समिति श्राइन बोर्ड का विरोध कर रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static