''मुख्यमंत्री ने सादगी और अपनेपन से मनाई दीवाली, कर्मचारी के साथ अपनेपन में दिखे सीएम''
punjabkesari.in Monday, Nov 13, 2023 - 09:47 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्रशेखर धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दीपावली के दिन पूरे प्रदेश के भाईचारे, खुशहाली, सद्भावना, शांति, विकास और एकजुटता के लिए मनोकामना करते हुए संत कबीर कुटीर में दीपोत्सव मनाया है। मुख्यमंत्री ने अपने चिर परिचित अंदाज में सादगी व अपनेपन का परिचय देते हुए न केवल प्रदेश भर से आए लोगों के साथ दीपावली की खुशियों को सांझा किया, बल्कि अपने हाथों से उन्हें मिठाई खिलाकर उन्हें दीपावली की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने राज्य के सुदूर व नजदीकी इलाकों से आए लोगों के सुख दुख में शामिल होते हुए उनके परिवार के बारे में जानकारी प्राप्त की। लोगों से उनके इलाके की फसल, कारोबार, विकास परियोजनाओं व राजनीतिक माहौल पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के चीफ मीडिया कार्डिनेटर सुदेश कटारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री पूरे दिन राज्य के लोगों के संपर्क में रहे। जो लोग संत कबीर कुटीर पर नहीं आ सके, उनसे फोन पर बातचीत कर दीपावली के त्योहार की खुशियां सांझा की। मुख्यमंत्री ने अपने पूरे स्टाफ के साथ दीपावली पर दीप जलाए। यहां तक कि स्टाफ में शामिल कुछ सफाई कर्मियों को भी पूरा सम्मान देते हुए उन्हें दिल से मुबारकबाद दी। मुख्यमंत्री बहुत ही सादगी के प्रतीक हैं। उनके साथ मुख्यमंत्री ने मिठाई खाई और खिलाई। अपने आवास के सभी सुरक्षा कर्मियों व स्टाफ सदस्यों के साथ दीपावली का त्योहार मनाकर मुख्यमंत्री ने यह संदेश देने का काम किया कि उनके लिए कोई छोटा-बड़ा नहीं है। वह सभी को अपने परिवार का अभिन्न अंग मानते हैं। सुदेश कटारिया ने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मियों, ग्रामीण चौकीदारों के मानदेय में भी काफी बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री ने एक नंवबर से राज्य की बुढ़ापा पेंशन में भी बढ़ोतरी की है।
(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।)
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)