मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में राजनीति को दी नई दिशा : अनिल धनतौड़ी
punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2023 - 09:27 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : पूर्व विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनिल धनतौड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में राजनीति को नई दिशा दी है। अब प्रदेश में सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर शासन हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शासन से भेदभाव, क्षेत्रवाद, परिवारवाद, भाई-भतीजावाद जैसे कलंक को खत्म करने के लिए अभूतपूर्व कार्य किया है।
भाजपा प्रवक्ता अनिल धनतौड़ी ने कहा कि आज हरियाणा का प्रत्येक क्षेत्र नेशनल हाईवे से जुड़ चुका है। उन्होंने कहा कि अंबाला-हिसार, नारनौल-इस्माईलाबाद सिक्स लेन एक्सप्रेस वे, पंचकूला-अंबाला-हरिद्वार के बाद अब अंबाला-शामली, अंबाला-मोहाली-चंडीगढ़ सिक्स लेन हाईवे जैसे नेशनल हाईवे बनने से उत्तरी हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र देश की औद्योगिक क्रांति में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि कोलकाता से यमुनानगर तक फ्रेट कॉरिडोर निर्माण का होने के बाद यमुनानगर सीधा कलकत्ता के साथ व्यापारिक दृष्टि से जुड़ जाएगा। इस प्रस्तावित परियोजना से औद्योगिक नगरी यमुनानगर जगाधरी ही नहीं सम्पूर्ण हरियाणा, हिमाचल व उत्तराखंड को भी भरपूर लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेल व हाईवे की परिवहन पहुंच बनने से किसी भी क्षेत्र में औद्योगिक विकास के नए रास्ते भी खुलते हैं।
धनतौड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करनाल से यमुनानगर तक नई रेलवे परियोजना को पहले ही मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्रस्तावित ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे परियोजना के तहत, यमुनानगर जिले के कलानूर, जगाधरी और दराजपुर में तीन नए रेलवे स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा और इससे भी औद्योगिक क्षेत्र को लाभ होगा।
भाजपा प्रवक्ता अनिल धनतौड़ी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंबाला लोकसभा क्षेत्र के अंबाला शहर, यमुनानगर, जगाधरी, यमुनानगर, कालका के रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प हेतु निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर दिया है, जिससे इन स्टेशनों पर आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि हाईवे व रेल परियोजनाएं तो केवल एक उदाहरण हैं जबकि स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कानून व्यवस्था, शिक्षा सहित सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)