हरियाणा विधानसभा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विपक्ष को करारा जवाब, बोले- ''भ्रम फैलाना बंद करे विपक्ष
punjabkesari.in Friday, Feb 27, 2026 - 07:05 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने न केवल सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा पेश किया, बल्कि पेंशन, किसानों और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे "भ्रम" का भी खंडन किया।
वंदे मातरम के 150 वर्ष: राष्ट्रवाद पर जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत वंदे मातरम से की। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष केवल समय की गिनती नहीं, बल्कि राष्ट्र के पुनर्जागरण की गाथा है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इस गौरवमयी गीत को विवादों में घसीटा गया, लेकिन हरियाणा सरकार इसके सम्मान में प्रदेश भर में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी।
बुजुर्ग पेंशन और लाडो लक्ष्मी योजना पर स्पष्टीकरण
विपक्ष द्वारा बुजुर्गों की पेंशन काटे जाने के आरोपों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष बुजुर्गों के बीच झूठ फैलाकर सस्ती राजनीति कर रहा है। हमारी सरकार ने आय सीमा 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपये की है, जिससे लाभार्थियों की संख्या बढ़कर लगभग 18 लाख पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 9.22 लाख महिलाओं के खातों में 634 करोड़ रुपये की राशि चार किस्तों में भेजी जा चुकी है।
किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 19 दिसंबर 2024 को ही 24 फसलों की MSP पर खरीद की अधिसूचना जारी की जा चुकी है। यूरिया बैग का वजन घटाने के आरोप को निराधार बताते हुए उन्होंने कहा कि 'यूरिया गोल्ड' बैग की कीमत 266.50 रुपये से घटाकर 254 रुपये की गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पटवारियों द्वारा डुप्लीकेट फोटो अपलोड करने के मामले की जांच चल रही है, जल्द ही पात्र किसानों को राहत दी जाएगी।
राज्यपाल के अभिभाषण में 'नागरिक' शब्द के प्रयोग पर विपक्ष की आपत्ति का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'नागरिक' शब्द संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा है। प्रदेश के गौरवशाली लोगों को केवल 'निवासी' कहना उनके योगदान को छोटा करने जैसा होगा।