Rapido App के जरिये 3 युवकों ने की Cab बुक फिर ड्राइवर को लूटा....CIA की टीम ने चंद घंटों में लुटेरे किए काबू
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 02:47 PM (IST)
पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल सीआईए स्टाफ टीम ने बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए कैब चालक से हथियार के बल पर गाडी, मोबाइल एवं नकदी लूटने वाले तीन आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करते हुए लूटी हुई गाडी, मोबाइल एवं नकदी के साथ वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल को भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
हथियारों के बल पर युवकों ने की लूट
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि एक फरवरी की रात तीन युवकों ने मानेसर से पलवल आने के लिए रैपिडो एप्प के माध्यम से एक कैब बुक की थी। बुकिंग के आधार पर कैब चालक संजेश कुमार निवासी बिहार नामक ड्राइवर कैब को लेकर युवकों के पास मानेसर पहुंचा तो उन्होंने चालक से पलवल चलने को कहा तो टैक्सी ड्राइवर ने तीनों युवकों को बैठाकर पलवल के लिए चल दिया। जैसे ही वह तीन युवकों को लेकर पलवल शहर में पहुंचा तो तीनों युवकों ने ड्राइवर संजेश को गन पॉइंट पर बंधक बनाकर उससे जबरन 7 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर के माध्यम से अपने खाते में डलवाये और फिर गन पॉइंट पर ही गाडी और ड्राइवर का मोबाइल लूटकर फरार हो गए जिसमें पीड़ित ड्राइवर की शिकायत पर पलवल पुलिस ने शहर थाना पलवल में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच सीआईए स्टाफ पलवल को सौंपी।
तीनों का नहीं है कोई आपराधिक रिकॉर्ड
वहीं सीआईए इंचार्ज रविंद्र की टीम ने मुख्य आरोपी विकास उर्फ़ विक्की को गुरूग्राम से गिरफ्तार किया, जबकि अन्य दो आरोपियों को पलवल से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की जिनकी पहचान ध्रुव और मोहित निवासी पलवल के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि अपराधियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, यह उनकी पहली वारदात है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)