उदयन होम फॉर गर्ल्स का निरीक्षण करने पहुंची CJM, भोजन, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 08:16 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम नरेंद्र सुरा के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने उदयन होम फॉर गर्ल्स बाल देखभाल संस्थान का निरीक्षण किया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
निरीक्षण के दौरान बच्चों से व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं, दैनिक दिनचर्या एवं समग्र कल्याण के संबंध में जानकारी ली गई। बच्चों ने संस्थान में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की शिकायत सामने नहीं आई। संस्थान में बच्चों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का जायजा लिया गया। बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन एवं आहार संबंधी सुविधाएं भी उपयुक्त मिली। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, पंखे एवं कूलर सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध पाई गईं।
निरीक्षण के दौरान संस्थान में संधारित अभिलेखों एवं रजिस्टरों का भी अवलोकन किया गया। सभी अभिलेख निर्धारित मानकों के अनुसार सुव्यवस्थित एवं अपडेटेड पाए गए। बच्चों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर वे किसी भी प्रकार की विधिक सहायता, सहयोग अथवा परामर्श के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, गुरुग्राम से संपर्क कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा बाल देखभाल संस्थानों का नियमित निरीक्षण किया जाता है, ताकि बाल अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संस्थानों में रह रहे बच्चों की समुचित देखभाल एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।