27 मार्च से 4 अप्रैल तक सफाई कर्मियों की हड़ताल, सफाई व्यवस्था बिगड़ने की आशंका

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2023 - 02:08 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीन धनखड़) : प्रदेश भर के सफाई कर्मचारी सोमवार से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इसी को लेकर बहादुरगढ़ में भी सफाई कर्मचारियों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। सफाई कर्मचारी 27 मार्च से 4 अप्रैल तक हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान हर रोज 11 सफाई कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। प्रदेश की नगर निगमों में 21 और नगर पालिकाओं में 5 कर्मचारी रोजाना भूख हड़ताल पर रहकर सरकार के विरोध प्रदर्शन करेंगे।

अधिकारी ने नहीं दे रहे हमारी मांगों पर ध्यानः कर्मचारी नेता राजपाल

कर्मचारी नेता राजपाल ने बताया कि पिछले लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी प्रदर्शन करते आ रहे हैं। लेकिन अधिकारी कर्मचारियों की मांगों की तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी के चलते कर्मचारियों ने एक बार फिर से हड़ताल कर दी है। साथ ही उन्होंने सफाई कर्मियों की मांगों की जानकारी देते हुए कहा- प्रदेश के 4298 सफाई कर्मचारियों और 68 सीवर लाईन कर्मियों को पक्का करने, समान काम समान वेतन लागू करने, बकाया एरियर देने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, कौशल रोजगार निगम को बंद करने व पिछली बार हुई 11 दिन की हड़ताल के वेतन की हमारी मांग है।

बहादुरगढ़ में 505 कर्मियों की पोस्ट सैंक्शन, कार्यरत सिर्फ 204

सफाई कर्मचारियों ने बताया कि बहादुरगढ़ में 505 सफाई कर्मचारियों की पोस्ट सैंक्शन है। लेकिन मौजूदा समय में सिर्फ 204 कर्मचारी ठेकेदार के मार्फत नौकरी कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार कर्मचारियों की मांगे मान चुकी है, लेकिन अधिकारी सरकार के निर्देशानुसार कार्य नहीं कर रहे हैं।

शहरों में सफाई व्यवस्था गड़बड़ाने की आशंका

सफाई कर्मचारियों की लंबी हड़ताल से शहरों में सफाई व्यवस्था गड़बड़ाने की आशंका है। यदि हड़ताल ऐसे ही चलती रहे तो शहरों में कूड़े के ढेर लगे दिखाई देंगे। वहीं कर्मचारियों ने हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदलने की चेतावनी दी है। ऐसे में अब देखना होगा कि आखिर सरकार और अधिकारी कर्मचारियों की मांगों की तरफ कब तक ध्यान देते हैं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Recommended News

Related News

static