मुख्यमंत्री को अंधेरे में रखकर भ्रष्टाचार करने में जुटे अधिकारी: उमेश अग्रवाल

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2017 - 02:52 PM (IST)

गुड़गांव(गौरव):गुड़गांव के विधायक उमेश अग्रवाल ने अपनी ही सरकार के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि यह अधिकारी ईमानदार मुख्यमंत्री को अंधेरे में रखकर भ्रष्टाचार करने में जुटे हुए हैं तथा जब भी मुख्यमंत्री के सामने सच्चाई लाने का प्रयास किया जाता है उन्हें बरगलाने की कोशिश करते हैं। अपने ताजा बयान विधायक उमेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री द्वारा 14 फरवरी को दिए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुग्राम की मैट्रो का न केवल रूट बदला गया है बल्कि टी.ओ.डी. की पॉलिसी को भी बदला गया है।उमेश ने कहा कि गुरुग्राम की मैट्रो का जो रूट 2031 के मास्टर प्लान में तय किया गया था उसमें 14 अक्तूूबर 2016 को उद्योग मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हरियाणा सचिवालय में हुई बैठक में रूट बदलने का कार्य किया गया। उन्होंने इसकी कॉपी पत्रकारों को देते हुए कहा कि गुरुग्राम में प्रस्तावति ग्लोबल सिटी का बहाना बनाकर यह मार्ग बदला गया है। यह मार्ग बदलने के कारण सैंकड़ों एकड़ भूमि पर टी.ओ.डी. की योजना लागू हो गई तथा इस योजना का सरकार से जुड़े हुए कई लोगों ने भरपूर फायदा उठाया है। 

उमेश अग्रवाल ने कहा कि इतना ही नहीं यह टी.ओ.डी. पॉलिसी पहले 9 फरवरी 2016 को लागू की गई थी जिसमें मैट्रो के साथ लगते हुए 500 एकड़ क्षेत्र में 350 प्रतिशत एफ.ए.आर. दिया जाना तय हुआ था। इस नीति को पहले 6 माह के लिए ही निर्धारित किया गया था तथा 350 प्रतिशत एफ.ए.आर. चाहने वाले लोगों को 6 माह के अंदर ही इसका लाभ लेना था। लेकिन हरियाणा सरकार ने 6 नवंबर 2016 को गजट नोटिफिकेशन करके इसको एक साल के लिए बढ़ा दिया। यह दोनों चीजें ही हो सकता है मुख्यमंत्री की जानकारी में न हो तो भी अधिकारियों को इसकी जानकारी मुख्यमंत्री को देनी थी। इन दोनों बातों से साबित होता है कि अधिकारी मुख्यमंत्री को अंधेरे में रखकर अपना उल्लू सीधा करने में लगे हुए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News

static