स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार, हजारों रुपये बरामद
punjabkesari.in Wednesday, Sep 16, 2026 - 09:08 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय की टीम ने सेक्टर 29 स्थित रास वेलनेस स्पा पर छापा मारा। यह कार्रवाई अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर की गई। छापेमारी के दौरान दो मैनेजर, चार मालिक और सात ग्राहकों सहित कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस ने स्पा से 11 भारतीय लड़कियां पाईं। इसके अलावा, चार थाईलैंड की लड़कियां भी मिली। छापेमारी के लिए सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय गुरुग्राम ने एक विशेष टीम तैयार की थी। उप निरीक्षक मनोज कुमार को बोगस ग्राहक बनाकर स्पा में भेजा गया। मनोज कुमार को एक थाईलैंड की लड़की के साथ एक कमरे में पाया गया। लड़की के बैग से 5000 रुपये और आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। स्पा के काउंटर से 3500 रुपये और अतिरिक्त 10,500 रुपये भी मिले। इसके अलावा, तीन स्वैप मशीन, दो रजिस्टर और 28 टोकन पर्चियां भी जब्त की गईं।
गिरफ्तार किए गए लोगों में स्पा के मैनेजर हिमांशु और गुड्डू कुमार शामिल हैं। पुलिस ने स्पा के चार मालिकों स्वाति सिंह, अर्जुन सिंह, ऋषभ मल्होत्रा और रवि टंडन को भी गिरफ्तार किया है। वेटिंग एरिया से सात ग्राहकों को भी पकड़ा गया। इन ग्राहकों में रणबीर, मनीष, रघु, राहुल, रमन, हर्ष और विशाल शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धाराओं 3, 4 और 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक प्रवीण ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि थाईलैंड की लड़कियों के पासपोर्ट और वीजा वैध पाए गए हैं। मामले की आगे की जांच जारी है। पुलिस स्पा के मालिकों की भूमिका की पुष्टि कर रही है।