हिसार में CM फ्लाइंग की Raid,7 क्विंटल नकली मावा बरामद...राखी व तीज पर 35 क्विंटल किया गया था सप्लाई

punjabkesari.in Sunday, Aug 10, 2025 - 12:18 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार जिले में सीएम फ्लाइंग की टीम ने आज सुबह शहर की ढाणी श्याम लाल गली नंबर-3 में एक मकान में चल रहे नकली मावे के अवैध गोदाम पर छापा मारा। छापे के दौरान करीब 7 क्विंटल नकली मावा बरामद किया गया है। यह मावा गंदगी के बीच रखा हुआ पाया गया। इसके साथ टीम ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।बताया जा रहा है कि यहां से मावा शहर की नामी दुकानों पर सप्लाई होता था। 500 रुपए किलो वाला मावा यहां से 150 रुपए प्रति किलो में सप्लाई होता था। रक्षाबंधन और तीज पर यहां से 35 क्विंटल मावा सप्लाई किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग की हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 9 बजे इस गोदाम पर रेड की। रेड के दौरान मावे को गंदगी में रखा पाया गया। डी-फ्रिज में इसे गंदे पानी के बीच रखा हुआ था। इसमें से बदबू आ रही थी। टीम ने मौके से एक युवक महावीर को हिरासत में लिया है। वह राजस्थान के चुरू का रहने वाला है। युवक ने बताया कि यह मावा नकली है और शहर की लगभग सभी बड़ी दुकानों पर सप्लाई होता था।

PunjabKesari

महावीर ने बताया कि अधिकतर बीकानेर स्वीट्स की जितनी भी दुकानें शहर में हैं। उन सभी पर यह नकली मावा जाता था। इसके अलावा बरवाला और उकलाना में भी इसकी सप्लाई होती थी। महावीर ने बताया कि यह मावा वह राजस्थान के बीकानेर से लाते थे। और हिसार में इसका स्टॉक करते थे। महावीर ने बताया कि इस गोरखधंधे को करने वाला उसका मालिक बीकानेर डूंगर का रहने वाला है। और उसकी अभी दो दिन पहले ही इसी तरह के केस में जमानत हुई है। पुलिस ने गोदाम से एक बही खाता भी जब्त किया है। जिसमें सभी उन दुकानों के नाम दर्ज हैं। जहां मावे की सप्लाई होती थी। महावीर ने बताया कि 2 तरह का मावा तैयार किया जाता था। एक सुपर क्वालिटी एक लो क्वालिटी। सुपर क्वालिटी 250 रुपए किलो तक बेचते थे। लो क्वालिटी 150 रुपए तक आसानी तक बिक जाता था। तीज और राखी पर करीब 35 क्विंटल मावा ये हम बेच चुके हैं।

सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना ने बताया कि नकली मावे को 150 रुपए किलो में दुकानों पर बेचा था। आगे दुकानदार इसे शुद्ध मावा बताकर 500 रुपए किलो तब बेचते थे। तीज के समय घेवर पर लगाने के लिए यहां से खूब मावा सप्लाई हुआ था। इसके अलावा शहर के कई हलवाइयों ने इस गोदाम से मावा खरीदा हुआ है। सुनैना ने बताया कि गोदाम को लेकर कोई कागजात पकड़े गए युवक नहीं दिखा पाए हैं। इससे लगता है यह गोदाम पूरी तरह से अवैध है। फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. पवन चहल ने बताया कि सीएम फ्लाइंग के माध्यम से पता चला कि यहां नकली मावा तैयार किया जा रहा है। हमने इस पर कार्रवाई की है। यहां 7 क्विंटल मावा मौजूद है जो फ्रीज और खुले में टीनों में भरकर रखा हुआ है। हमने 4 अलग-अलग सैंपल लिए हैं। सैंपल की रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर इनके पास किसी तरह का लाइसेंस नहीं मिला है। यह अवैध रूप से गोदाम चला रहे थे। पहली नजर में देखने पर यह वेजिटेबल ऑयल से तैयार किया हुआ लग रहा है। बाकी लैब की रिपोर्ट बताएगी इसमें किस तरह की मिलावट है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static