निर्दलीय विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने पर CM सैनी का बड़ा बयान, बोले- कोई खतरा नहीं...

punjabkesari.in Wednesday, May 08, 2024 - 03:27 PM (IST)

सिरसा( सतनाम): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तीन निर्दलीय विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने से सरकार को किसी तरह का कोई खतरा नहीं है। सरकार पहले भी अल्पमत में नहीं थी और अब भी अल्पमत में नहीं है। बीजेपी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इच्छा हमेशा सरकार बनाने की रहती है और वो दूसरों की इच्छाओं को पूरा करने का काम करते हैं, लेकिन कांग्रेस कभी ऐसे लोगों की इच्छाओं को पूरा नहीं कर पाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस का इतिहास देखा है। सरकार बनाने के लिए व बचाए रखने के लिए वो कुछ भी कर सकते हैं। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के नेता अपनी इच्छाएं पूरी करने के लिए जुटे हुए हैं। उनकी सोच देश का विकास करने की नहीं बल्कि आईएनडीआईए गठबंधन के माध्यम से भ्रष्टाचारियों को बचाने की है। यह गठबंधन ठगिया गठबंधन है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सिरसा से बीजेपी प्रत्याशी अशोक तंवर के आवास पर पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सिरसा लोकसभा क्षेत्र के कई गांवों के सरपंचों ने बीजेपी में शामिल होने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बीजेपी में शामिल हुए सरपंचों को पटका पहनाकर स्वागत किया और उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने की बात की। 

एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस व उसके साथ गठबंधन में शामिल लोग भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए सरकार बनाने के सपने संजो रहे हैं। जनता उनके मंसूबों को भांप चूकी है और भ्रष्टाचारियों को बचाने वालों का साथ नहीं देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचारियों पर अंकुश लगा है और आने वाले समय में भी भ्रष्टाचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस से जुड़े लोग ही भी बीजेपी सरकार गिरने का भ्रम फैला रहे हैं, लेकिन उन्हें कामयाबी नहीं मिलेगी। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने युवाओं व बेरोजगारी को स्वावलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाएं दी हैं। पिछले 10 सालों से युवाओं को भरपूर नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के दौरान इतने युवाओं को नौकरी नहीं दी गई जितने युवाओं को पिछले 10 साल में नौकरियां दी गई हैं। 

 किसानों द्वारा बीजेपी प्रत्याशी का विरोध करने व काले झंडे दिखाने के सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। वे सब कांग्रेस के लोग हैं जो ऐसा कर रहे हैं। केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने किसानों को सम्मान करने के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। किसानों को कृषि यंत्र सबसिडी पर दिए जा रहे हैं। खराब फसलों का करोड़ों रूपये का मुआवजा सीधे बैंक खाते में भेजा रहा है। इसी के साथ किसान सम्मान निधि भी केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही है। डीएपी व यूरिया पर भी सबसिडी दी जा रही है।


उन्होंने कहा कि किसान बीजेपी के नेताओं के घरों के आगे नहीं बल्कि कांग्रेसियों के घरों के आगे धरने लगा रहे हैं। अगर किसानों की कोई समस्या शेष रही है तो 25 मई के बाद बातचीत करके उनकी समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। 

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Recommended News

Related News

static