जींद में CMO कार्यालय का ड्राइवर रिश्वत लेते गिरफ्तार, इस मामले में मांगी थी घूस
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 01:34 PM (IST)
जींद (अमनदीप पिलानिया) : नागरिक अस्पताल जींद में विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सीएमओ कार्यालय में कार्यरत ड्राइवर जगदीश पुत्र हीरा, निवासी गांव फूलिया खुर्द को 44 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इंस्पेक्टर सुरेश कुमार के नेतृत्व में एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) यूनिट सिरसा की टीम ने शिकायतकर्ता सोनू पुत्र सूर्या राम, निवासी फूलिया खुर्द की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि हैंडीकैप (दिव्यांग) सर्टिफिकेट ऑनलाइन करवाने के बदले उससे 44 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग सहित जिले में हड़कंप मच गया है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)