विधानसभा में चारों खाने चित्त गिरेगा कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव : अनिल विज

punjabkesari.in Monday, Mar 08, 2021 - 09:39 AM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : कांग्रेस द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाने पर अनिल विज ने पंजाब केसरी से बातचीत के दौरान कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा पहले अपनी कांग्रेस पार्टी का तो विश्वास प्राप्त कर लें। शैलजा का मुंह पूर्व की तरफ तो हुड्डा का मुंह पश्चिम की तरफ होता है। जिस आदमी को अपनी पार्टी में ही विश्वास प्राप्त नहीं है, वह हमारे खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव क्या लाएगा। हमने मना कब किया है, जरूर लाएं। यह विधानसभा में चारों खाने चित्त गिरेंगे, उठाने वाले आ जाएं, यह जरूर गिरेंगे। प्रस्तुत है बातचीत के कुछ अंश:-

प्रश्न : 1857 की क्रांति के बिगुल की शुरूआत में अंबाला की भूमिका सबसे अहम रही और आपने यह मुद्दा कई बार विधानसभा में उठाया। इसके बारे में कुछ बताएं?
उत्तर : मैंने आज से 20 साल पहले विधानसभा में यह मामला उठाया था कि आजादी की लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू होकर हरियाणा और फिर देश में पहुंची। लेकिन आज तक उन हीरोज की याद में कोई गीत नहीं गाया गया। कोई स्मारक नहीं बनाया गया। हम बहुत खूबसूरत नैशनल लैवल का एक स्मारक बनाएंगे जिसमें सारा इतिहास दिखाया जाएगा कि किस प्रकार से अंबाला छावनी से क्रांति की शुरूआत हुई और देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंची। 

प्रश्न : प्रदेश में आपके शुभचिंतकों की संख्या बहुत बड़ी है। वे आपके स्वास्थ्य के बारे में जानना चाहते हैं ?
उत्तर : मेरा स्वास्थ्य काफी ठीक है। अभी कुछ ठीक होना बाकी है। दिन की ऑक्सीजन मेरी हट चुकी है। लेकिन रात की मुझे लगानी पड़ती है। धीरे-धीरे वह भी हट जाएगी। मेरा शरीर काफी रिकवरी कर रहा है। 

प्रश्न : युवाओं की चाहत है कि हरियाणा में भी हिमाचल और पंजाब की तरह भर्तियों के वक्त 30 से 40 फीसदी प्रश्न हरियाणा से जुड़े होने चाहिएं?
उत्तर : हरियाणा की जानकारी का यहां पहले से ही अलग से पेपर लिया जाता है जिसके अलग से नंबर लगते हैं। इसी के कारण हरियाणवियों को सरकारी नौकरियों में लाभ मिल पाता है।

प्रश्न : एस.वाई.एल. के मुद्दे पर किरण चौधरी ने कहा कि इसे रिजैक्ट कर भाजपा इस मुद्दे से भागना चाहती है ?
उत्तर : एस.वाई.एल. के मुद्दे पर हमारी सरकार ने ही काम किया है। पंजाब में कांग्रेस की सरकार जिसके मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह थे उन्होंने तो इसको रिजैक्ट कर दिया था। उसके बाद हम सुप्रीम कोर्ट में गए। बहुत जल्द सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बाद एस.वाई.एल. बन कर तैयार हो जाएगी।

प्रश्न : वैक्सीन लगवाने में लोगों की भागीदारी को लेकर प्रश्नचिन्ह क्यों लग रहे हैं ?
उत्तर : लोग बहुत चाव से वैक्सीन को लगवा रहे हैं। यह तो विपक्ष हर अच्छे काम में भी भ्रांतियां फैलाना चाहता है। अखिलेश यादव जैसे तो यह कह रहे हैं कि यह भाजपा की वैक्सीन है। वैक्सीन किसी भाजपा, कांग्रेस या अन्य राजनीतिक पार्टी की नहीं हुआ करती। वैक्सीन तो हमारे साइंसदानों की ईजाद है। उनकी रिसर्च है। देश की उपलब्धि है। इस प्रकार से लोगों को भ्रमित करना अच्छी बात नहीं है लेकिन जनता इनकी राजनीति को समझ रही है।

प्रश्न : नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो बनने के बाद नशे पर रोक लगाने के लिए आपने कई कठोर कदम उठाए लेकिन नशा नहीं रुक पाया। क्या कारण मानते हैं ?
उत्तर : उसके लिए जो उनको मैनपावर देनी चाहिए थी, जो इंफ्रास्ट्रक्चर देना चाहिए था अभी तक नहीं दिया गया। उनके डायरैक्टर ने मुझे एक पत्र भी लिखा था। मैंने डी.जी.पी. से एक्सप्लेनेशन मांगी है कि उनके बार-बार कहने पर भी उनकी आवश्यकताएं क्यों नहीं पूरी की गई। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जो बनाया गया जब पूरी तरह से फंक्शनल हो जाएगा तो हरियाणा से नशे का खात्मा हो जाएगा।

प्रश्न : हरियाणा के बजट में क्या केंद्रीय बजट की तरह स्वास्थ्य बजट के लिए खास कुछ रहेगा?
उत्तर : हरियाणा के बजट में भी स्वास्थ्य पर पहले से ज्यादा बजट रखा जाएगा।

प्रश्न : कोरोना की वापसी के बाद हरियाणा की स्थिति क्या है और आपने क्या गाइडलाइन अधिकारियों को दी हैं?
उत्तर : हमने मास्क डालना दोबारा से कंपलसरी कर दिया है, जहां भी ज्यादा लोग इकट्ठे होते हैं। हमने सभी उपायुक्तों को आदेश दिए हैं कि सभी अपने- अपने जिले में तीन सदस्यीय कमेटी बनाएं जिसमें एक सिविल का, एक पुलिस का और एक स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी शामिल होगा। जो स्कूल, इंडस्ट्री में, धार्मिक समागम जहां भी ज्यादा लोग इकट्ठे होने की उम्मीद है, वहां यह समिति जाकर चैक करे कि एस.ओ.पी. का पालन किया जा रहा है या नहीं।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static