कांग्रेस वेंटिलेटर पर लेटी हुई है : पवन सैनी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 12, 2022 - 11:58 AM (IST)

चंडीगढ़( चंद्रशेखर धरणी):गुजरात में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के दावे को पूरी तरह से खोखला बताते हुए भाजपा के पूर्व विधायक ,भजपा के महासचिव पवन सैनी ने अरविंद केजरीवाल को महाझूठा और फ्रॉड व्यक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने बड़ी नजदीक से देखा है कि दिल्ली में किस प्रकार से घोटाले हो रहे हैं। पंजाब में एक इत्तेफाक से यह लोग सत्ता में आए हैं। दूसरे दलों के बिखरने - समझौते टूटने के कारण यह सत्ता पर काबिज होने में कामयाब हुए। लेकिन सर्वे के मुताबिक गुजरात में इनके हाथ कुछ नहीं लग रहा। यह लोग देश से साफ हो जाएंगे।

उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों के मुखियों को मात्र परिवार के लोगों की चिंता है। लालू प्रसाद यादव बेशक जेल में हों, उन्हें रिहा होने से ज्यादा बेटे तेजस्वी की चिंता है। कांग्रेस समापन पर है, लेकिन राहुल गांधी को कैसे सेट किया जाए पूरी कांग्रेस चिंता में है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दीपेंद्र की चिंता है। देश की चिंता किसी को नहीं है। लेकिन भाजपा देश सेवा के नजरिए से आगे बढ़ रही है। भाजपा में पहले देश, फिर पार्टी और फिर मैं की विचारधारा है। लेकिन दूसरे दलों में पहले मैं फिर पार्टी और फिर देश की सोच है। भारतीय जनता पार्टी में एक आम कार्यकर्ता भी बड़े पद पर पहुंच सकता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष - प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी मिल सकती है। लेकिन इतिहास गवाह है कि लंबे समय तक सोनिया गांधी कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही फिर राहुल को बना दिया गया। जब कोई ना मिला तो अब खड़गे को अध्यक्ष बनाया गया है।

 पवन सैनी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस कोमा में जा चुकी है। इसलिए कांग्रेस वेंटिलेटर पर लेटी हुई है। कांग्रेस का कोई वजूद नहीं रहा। जिस प्रकार से कांग्रेसी घास को हाथ लगाने से खुजली और सांस में जाने पर सांस का रोग हो जाता है, इसी प्रकार से कांग्रेस भी देश में बहुत सी बीमारियां छोड़ कर गई। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार कांग्रेस की देन है। लेकिन भाजपा हरियाणा एक -हरियाणवी एक, सबका साथ -सबका विकास -सबका विश्वास की विचारधारा से आगे बढ़ रही है। इसीलिए भाजपा का कुनबा भी बढ़ रहा है। सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी के कार्यकाल में परमाणु के विस्फोट, प्रधानमंत्री सड़क योजना और शहीदों के सम्मान को भाजपा की मजबूती का बड़ा कारण बताते हुए कहा कि लोगों का मूड बदल चुका है। दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बज रहा है। भाजपा देशभक्तों की पार्टी है और कांग्रेस बूढ़ी हो चुकी है। कांग्रेस शासनकाल में नेताओं ने अथाह संपत्ति अर्जित की। व्यक्तिगत हितों को देखकर कार्य किए गए। देश भाड़ में जाए कांग्रेसियों की सोच मात्र अपने परिवार तक सीमित रही। पवन सैनी ने शहरी निकाय चुनावों की तरह ही पंचायती चुनाव में भी जीत दर्ज करने का दावा करते हुए कहा कि भाजपा जिला परिषद, पंचायत समिति के सदस्य और चेयरमैन के पदों पर भी जीत दर्ज करेगी। इसके लिए भाजपा पूरी तैयारी कर चुकी है।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static