कांग्रेस नेताओं द्वारा सरकार पर लगाए आरोपों पर प्रवीण आत्रेय ने जवाब देते हुए कहा- "उल्टा चोर कोतवाल को डांटे"

punjabkesari.in Wednesday, Jul 05, 2023 - 12:56 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : भाजपा प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय ने कांग्रेस नेताओं द्वारा सरकार पर लगाए आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि "उल्टा चोर कोतवाल को डांटे"। प्रवीण आत्रेय ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला को सरकार पर आरोप लगाने से पहले बताना चाहिए था कि 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस सरकार ने कितनी पक्की सरकारी नौकरियां दी थी। कांग्रेस नेताओं को यह भी बताना चाहिए था कि कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल की कितनी नौकरियां माननीय अदालत में रद्द हुई थी।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस नेता झूठ के सहारे राजनीति करना चाहते हैं। क्योंकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में वर्तमान सरकार ने साढ़े आठ साल में एक लाख पांच हजार से ज्यादा सरकारी पक्की नौकरियां दी है। कांग्रेस के दस साल के कार्यकाल में यह संख्या मात्र 81000 थी। वहीं पिछले साढ़े आठ साल में एक भी नौकरी कोर्ट में रद्द नहीं हुई। कांग्रेस के समय की बारह नौकरियां कोर्ट में ग़लत प्रक्रिया अपनाने के कारण रद्द हुई थी। 

प्रवीण आत्रेय ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश की जनता को पारदर्शी शासन दिया है। पहले की सरकारों में नौकरियों की बंदरबांट के आरोप लगते थे। कांग्रेस सरकार के दौरान एचसीएस की भर्ती इसका बड़ा उदाहरण है। विधानसभा में तत्कालीन विपक्ष ने भुपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा अपने करीबी तथा रिश्तेदार के बच्चों की भर्ती के आरोप लगे थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पारदर्शी शासन व्यवस्था कांग्रेसी नेताओं की परेशानी का कारण है। आज़ हरियाणा में युवाओं को नौकरी के लिए नेताओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ते हैं। जो युवा योग्य है उसे बिना पर्ची- खर्ची के नौकरी मिलती है। इसलिए समाज का गरीब, वंचित शोषित वर्ग सरकार से खुश हैं। परन्तु सत्ता के चहेते होने के कारण प्रदेश के संसाधनों का अनुचित लाभ लेने वाले कुछ लोग परेशान हैं और दिन रात सरकार की आधारहीन आलोचना में लगे रहते हैं। 

निजी उद्योगों में स्थानीय युवाओं की प्राथमिकता का कानून बनाने पर ऐतराज करने वाले आज़ युवा हितैषी होने का ढोंग कर रहे हैं। युवाओं के रोजगार की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक बेहतरीन उधोग नीति ले कर आए। इस कारण साढ़े आठ साल में हरियाणा में छोटे मझोले और बड़े लगभग 160000 नये उद्योग लगे। इन उद्योगों में लगभग 1260000युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ। कांग्रेस नेता हरियाणा में नक़ल और पेपर लीक गैंग का आरोप लगाते समय भूल गए कि हरियाणा में ऐसे गैंग राजनीतिक संरक्षण में पनपते थे। परन्तु मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ऐसे गैंग का सफाया कर दिया। पुलिस भर्ती में ऐसे लोगों ने प्रयास किया था परन्तु सरकार ने कढ़ी कार्यवाही करते हुए 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static