सड़कों पर उतरी कांग्रेस, जनसमस्याओं के समाधान की मांग करते हुए लगाया जाम

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:01 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के साथ राहगिरों ने भी टूटी सड़कों, जलभराव, गंदगी, प्रदूषण, जाम व भ्रष्टाचार से आजादी की मांग करी। पटौदी चौक से शुरू किए गए इस अभियान से आमजन ने भी जुड़ाव करके भाजपा के कुशासन को कोसा।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।

 

पटौदी चौक पर शुरू हुए इस अभियान में कांग्रेस नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम राहगीर भी शामिल हुए। सभी ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर शहर की समस्याओं को उजागर किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए-टूटी सडक़ों से आजादी, जलभराव से मुक्ति दो, गंदगी और प्रदूषण से निजात दिलाओ। जाम से राहत दिलाओ। भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाओ। जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी गुड़गांव के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन के कारण शहर की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। कांग्रेस ने जनजागरण अभियान को छह प्रमुख समस्याओं पर केंद्रित किया गया। जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि शहर की अधिकांश सड़कें गड्ढों से भरी हैं। बरसात में ये गड्ढे तालाब बन जाते हैं और हादसों का कारण बनते हैं। थोड़ी सी बारिश में ही अंडरपास और प्रमुख चौक पानी में डूब जाते हैं। ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल है। शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है जिससे बीमारियां फैल रही हैं। वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसका बच्चों और बुजुर्गों पर सीधा असर पड़ रहा है। बिना प्लानिंग के सडक़ें और फ्लाईओवर बनने से रोजाना घंटों जाम लगता है। आम आदमी का समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहा है। पंकज डावर ने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं दिख रहा। ठेकेदारी और अधिकारियों के गठजोड़ से शहर लूटा जा रहा है।
 

 

अभियान के दौरान कई राहगीर भी रुककर प्रदर्शन में शामिल हुए। लोगों ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि शिकायत करने के बावजूद प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। महिलाओं ने कहा कि जलभराव और गंदगी के कारण बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। पंकज डावर ने कहा कि आज हम आजादी दिवस से पहले देश को इन छह बुराइयों से आजादी दिलाने की मांग कर रहे हैं। अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस हर वार्ड, हर चौक पर जाकर लोगों को जागरूक करेगी। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर स्मार्ट सिटी के वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम देश की आर्थिक राजधानी बनने की राह पर है, लेकिन यहां की सड़के गांवों से भी बदतर हैं। डावर ने कहा कि टैक्स तो सबसे ज्यादा लिया जा रहा है, लेकिन सुविधाएं सबसे कम मिल रही हैं। कांग्रेस ने ऐलान किया कि यह जनजागरण अभियान शहर के अलग-अलग इलाकों में चलेगा। इसके बाद पार्टी एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग करेगी। समाधान न होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी गई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static