मेडिकल कॉलेज का सहायक 22 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, अतिरिक्त ड्यूटी की हाजिरी लगाने के एवज में मांग रहा था घूस
punjabkesari.in Wednesday, Oct 28, 2026 - 10:59 AM (IST)
नूंह: नूंह जिले के शहीद हसन खान राजकीय मैडीकल कालेज नल्हड़ के डीन कार्यालय में सहायक के पद पर तैनात सकरुद्दीन को राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ए.सी.बी.) की नूंह यूनिट ने 22 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार शिकायतकर्ता ने ए.सी.बी. को दी शिकायत में आरोप लगाया कि सहायक सकरुद्दीन ने उसकी 6 दिनों की अतिरिक्त ड्यूटी की हाजिरी पूरी करने के एवज में 22 हजार रुपए की मांग की थी। आरोप है कि हाजिरी से जुड़े काम को पूरा करने के बदले रिश्वत मांगी गई। शिकायत मिलने के बाद ए.सी.बी. ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी सकरुद्दीन को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम स्थित राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी बाकी है। ए.सी.बी. मामले की आगे जांच कर रही है।