प्रदेश में नहीं रुक रहा भ्रष्टाचार, फूड इंस्पेक्टर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ हुआ गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jun 18, 2022 - 11:10 PM (IST)

यमुनानगर(सुमित): भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति को पलीता लगाने वाला एक और भृष्ट अधिकारी विजिलेंस के हत्थे चढ़ा है। विजिलेंस टीम ने यमुनानगर से एक फूड इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपए की रिश्वत के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गेहूं की पेमेंट जारी कराने के नाम पर आढ़ती गुरचांद से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी इंस्पेक्टर के  खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।

फूड इंस्पेक्टर ने आढ़ती से मांगी थी 45 हजार रूपए रिश्वत

जानकारी के अनुसार छछरौली निवासी गुरचांद की प्रताप नगर अनाज मंडी में हरिओम ट्रेडिंग कंपनी के नाम से आढ़त की दुकान है। उनके पास 12 अप्रैल को डारपुर निवासी आनंद किशोर ने गेहूं बेचा था। इस गेहूं का उनकी बेटी अलका के नाम जे-फार्म कटा था। किसान को इस गेहूं की पेमेंट के रूप में एक लाख 30 हजार रुपए मिलने थे। विजिलेंस को दी शिकायत में गुरचांद ने बताया कि 16 जून को कुछ पेमेंट अलका के नाम जारी कर दी थी। शेष करीब 75 हजार रुपए की पेमेंट बकाया थी। इसके लिए बार-बार किसान उन पर दबाव बना रहा था। जब इस बारे में फूड इंस्पेक्टर पवन कुमार को बताया गया तो उसने 45 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। जिस पर इस बारे में विजिलेंस को शिकायत दी थी।

केमिकल लगे हुए नोट लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी

पंचकूला विजिलेंस के इंस्पेक्टर जयपाल आर्य ने बताया कि उनके पास आढ़ती ने शिकायत दी थी। इस शिकायत के आधार पर एक रेडिंग पार्टी तैयार की गई। आढ़ती को 15 हजार रुपए केमिकल लगाकर दिए गए। तय योजना के अनुसार आढ़ती ने फूड इंस्पेक्टर पवन कुमार को छछरौली में बुलाया। जैसे ही फूड इंस्पेक्टर ने पैसा पकड़ा, तो इशारा पाकर उसे दबोच लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी अधिकारी को कल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भीबस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vivek Rai

Recommended News

Related News

static