भिवानी रैली में जुटी भीड़ ने बढ़ाया JJP का आत्मविश्वास, दिग्विजय बोले- यहीं से तय होगा पार्टी का भविष्य

punjabkesari.in Friday, Dec 09, 2022 - 09:48 PM (IST)

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): जननायक जनता पार्टी की भिवानी रैली में भारी भीड़ जुटने पर पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जजपा का भविष्य आज इस रैली से तय हो गया है। खचाखच भीड़ अंतिम पंक्ति में भी बैठे लोग यह साबित कर रहे हैं कि जनता ने हमें स्वीकार किया है।इसमें कहने की आवश्यकता ही नहीं रही। यह साफ हो गया है कि पिछले 19 फीसदी वोट से दुष्यंत चौटाला कहीं अधिक मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि लगातार गांव-गांव गए हैं और हर बात पर खुलकर चर्चा भी की है। हम अपनी कमियों को भी मान रहे हैं।लेकिन हमारे केवल 10 विधायक थे और जो भी संभव हो सका हमने वह किया है, बाकी बचे शेष 2 सालों में और बहुत कुछ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 3 साल में 50 फीसदी महिलाओं को पंचायती राज में हिस्सेदारी मिली है। बैकवर्ड को 8 फीसदी का सम्मान मिला है। फसलों की लगातार डायरेक्ट खरीद हो रही है। लगातार मंडियां बड़ी है। एमएसपी भी बढ़ाया गया है। ज्यादातर फसलों पर हम एमएसपी दे रहे हैं। दुष्यंत हर हिसाब से एक बेहद कामयाब नेता भी साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि हम अपने 5100 रुपए वृद्धावस्था पेंशन देने पर अडिग हैं जो कि लागू होगा। 75 फ़ीसदी हरियाणवी युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में आरक्षण भी अवश्य लागू होगा।

 

लाखों किसानों ने रैली में पहुंचे दुष्यंत को दिया है आशीर्वाद : दिग्विजय 

 

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि भारी संख्या में जमा किसान यह साबित कर रहे हैं कि दुष्यंत किसानों के सच्चे नेता हैं। किसान नेता इस बात को माने या ना माने, यह उनकी अपनी बात है। पंजाब के लोग क्या कहें, यह उनकी अपनी सोच है। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब और उत्तर प्रदेश के नेताओं से चैलेंज करके पूछता हूं कि वह बताएं कि उत्तर प्रदेश में एमएसपी क्यों नहीं है, पंजाब में केवल 9 फसलों पर ही एमएसपी क्यों है, आखिर पंजाब में यह लोग क्यों किसान आंदोलन नहीं करते। उन्होंने कहा कि दरअसल 33-34 साल का उभरता हुआ चेहरा दुष्यंत चौटाला जो देश का एक बहुत बड़ा नेता बनने जा रहा है, उनके टांग खींचने की सोच के साथ बहुत लोग काम कर रहे हैं। लेकिन लाखों की संख्या में किसानों ने यहां जमा होकर दुष्यंत चौटाला को अपना आशीर्वाद दिया है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि राजनीति में दो चीजें महत्वपूर्ण होती है। पहली वोट की गिनती और दूसरी सिरों की गिनती। वोट की गिनती 2 साल के बाद होगी और सिरों की गिनती आज हुई है। जिसने देखा है वह समझ गया है कि जजपा कहां खड़ी है।

 

हम हर बॉल पर आगे बढ़कर छक्का मारेंगे, हिट विकेट नहीं होंगे : दिग्विजय चौटाला

 

 चौटाला ने कहा कि हमारा गठबंधन पूरी तरह से मजबूत है। तरह तरह की अफवाहों में कोई दम नहीं है और यह गठबंधन मजबूती से 5 साल तक चलेगा। आगे भविष्य के गर्भ में छिपा है कि आगे क्या होगा। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि क्रिकेट के खेल में आखिरी बॉल तक भी नहीं पता होता कि क्या हो जाए। इसी तरह राजनीति में भी यह नहीं पता कि आज क्या है और कल क्या हो जाएगा। जिस प्रकार से एमसीडी में आप और एक जगह विधानसभा में कांग्रेस और दूसरी जगह बीजेपी जीती है। उपचुनाव छोटी-छोटी क्षेत्रीय पार्टियां जीती हैं। इसी तरह राजनीति में कुछ नहीं पता कि कब क्या हो जाएगा।लोगों की भावनाओं को विश्वास में बदलना होगा। लेकिन यह तय है कि हम आगे बढ़कर छक्का मारेंगे। हिट विकेट नहीं होंगे। हम हमेशा फ्रंट फुट पर खेलते आए हैं, हम कभी बैकफुट पर नहीं खेलेंगे। 

 

चाचा का वो हाल है, मेरा हुक्का-मेरी मरोड़, जब चाहे पी और जब चाहे दे फोड़ : दिग्विजय चौटाला

 

जननायक जनता पार्टी के पांचवें स्थापना दिवस के अवसर पर भिवानी में हुई रैली की भीड़ को देख पार्टी के पदाधिकारियों- वरिष्ठ नेताओं की आंखों की चमक और अधिक बढ़ गयी। इस रैली के बाद पंजाब केसरी से जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला की हुई बातचीत में उन्होंने लगातार आ रहे अपने चाचा अभय सिंह चौटाला के बयानों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं उनकी बातों पर कमेंट नहीं करूंगा। दिवालिया- चोर- डाकू- लुटेरे जैसे शब्द लोग पसंद नहीं करते और अगर हम उनके लेवल पर आकर बात करें तो उनमें और हमारे में कोई फर्क नहीं रह जाएगा। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि हम उनके लेवल पर आकर बात करें, लेकिन लोग सभ्यता- विनम्रता- सेंस और फैक्ट को पसंद करते हैं। चोर- डाकू- लुटेरा कोई किसी को भी कह दे अपना मुंह और अपनी जीभ है। दिग्विजय चौटाला ने चाचा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उनका वह हाल है जैसे हरियाणवी डायलॉग में कहते हैं "मेरा हुक्का- मेरी मरोड़, जब चाहे पी और जब चाहे दे फोड़।

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)       

 

 

 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Gourav Chouhan

Recommended News

Related News

static