जींद की DSL अकेडमी में क्रूरता: डायरेक्टर और प्राचार्या गिरफ्तार, 12 थप्पड़ और कोहनी की मार से फटा 11वीं के छात्र के कान का पर्दा
punjabkesari.in Saturday, Oct 24, 2026 - 05:47 PM (IST)
जींद(अमनदीप पिलानिया): जींद की DSL अकेडमी में नाबालिग छात्र के साथ कथित मारपीट के मामले में शहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अकेडमी के डायरेक्टर दीपक लाठर और प्राचार्या प्रिया को गिरफ्तार किया है। दोनों पर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र की पिटाई करने के आरोप हैं। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि छात्र को 12 थप्पड़ और 15 बार कोहनी से मारा गया, जिसके चलते उसके कान का पर्दा फट गया। मामले में गुरुग्राम निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 19 अक्टूबर को दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
दो बच्चों को DSL अकेडमी में पढ़ा रही महिला
गुरुग्राम निवासी आराधना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो बच्चे जींद की DSL अकेडमी में पढ़ते हैं। उसका 16 वर्षीय बेटा 11वीं कक्षा का छात्र है और पिछले चार साल से अकेडमी में शिक्षा ग्रहण कर रहा है। वहीं, छोटे बेटे का इसी साल सातवीं कक्षा में दाखिला करवाया था।
महिला के अनुसार, 7 अक्टूबर को उसे एक निजी अस्पताल से बेटे के कान का पर्दा फटने की जानकारी मिली। इसके बाद बेटे से बातचीत करने पर पता चला कि अकेडमी के डायरेक्टर दीपक लाठर ने उसकी पिटाई की थी। बेटे ने बताया कि उसे थप्पड़ और कोहनी से मारा गया। जानकारी मिलने के बाद महिला 8 अक्टूबर की सुबह जींद पहुंची।
छात्र ने मां को बताई पिटाई की पूरी बात
आराधना ने आरोप लगाया कि अकेडमी पहुंचने पर उसके बेटे और वहां मौजूद अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि डायरेक्टर दीपक लाठर ने छात्र को 12 थप्पड़ मारे और मुर्गा बनाकर 15 बार कोहनी से वार किए।महिला के मुताबिक, पिटाई के बाद जब उसके बेटे ने प्राचार्या प्रिया को कान में दर्द होने की शिकायत बताई तो उन्होंने भी उसे थप्पड़ मारकर वापस कक्षा में भेज दिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि लगातार थप्पड़ मारने के कारण उसके बेटे के कान का पर्दा फट गया। महिला ने बताया कि अस्पताल में बेटे की जांच के दौरान उसे कान का पर्दा फटने की जानकारी मिली थी।
बेटे की पिटाई का कारण पूछने पर महिला को धमकाने का आरोप
महिला ने शिकायत में बताया कि जब उसने अकेडमी पहुंचकर डायरेक्टर और प्राचार्या से बेटे की पिटाई का कारण पूछा तो दोनों ने छात्र की गलती बतानी शुरू कर दी।आराधना के अनुसार, जब उसने कहा कि गलती होने पर उसे सजा देने के बजाय अभिभावकों को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी, तो उसे धमकाया जाने लगा। इसके बाद महिला ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने पर भी धमकाने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, पुलिस की डायल 112 टीम के मौके पर पहुंचने के बाद भी डायरेक्टर और प्राचार्या ने उसे धमकाना जारी रखा। पुलिस टीम ने महिला को अस्पताल जाकर मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) करवाने की सलाह दी। इसके बाद महिला 8 अक्टूबर को अस्पताल पहुंची और एमएलआर करवाने के बाद रोहतक रोड चौकी में शिकायत दी।महिला ने आरोप लगाया कि शिकायत के दौरान दीपक लाठर ने अपने साथियों को चौकी में बुलाकर उसे डराने का प्रयास किया। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से मिलने की बात कही।
19 अक्टूबर को दर्ज हुआ मामला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
आराधना ने पुलिस को बताया कि शिकायत देने के बाद पुलिस चौकी में कार्रवाई के लिए प्रयास किए गए। पुलिस अधीक्षक से मिलने के बाद 19 अक्टूबर को उसकी शिकायत पर मामला दर्ज किया गया।अब शहर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए DSL अकेडमी के डायरेक्टर दीपक लाठर और प्राचार्या प्रिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।