जींद में नाथ सम्प्रदाय के डेरे में साध्वी पर जानलेवा हमला, सिर पर किए कई वार...गंभीर घायल; जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 11:01 AM (IST)

जींद : हरियाणा के जींद जिले के डाकल गांव स्थित नाथ सम्प्रदाय के डेरे में शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने साध्वी पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में साध्वी गंभीर रूप से घायल हो गई। 

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने साध्वी राजदास के सिर पर तेजधार हथियार से कई वार किए। हमले के बाद यह काफी देर तक परिसर में ही खून से लथपथ तड़पती रही। बताया जा रहा है कि घटना के समय साध्वी डेरे में अकेली थी। डेरे में इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। करीब 8 बजे काम करने पहुंचे मिस्त्रियों ने जब अंदर प्रवेश किया तो साध्वी को फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत आसपास और डेरे से जुड़े लोगों को सूचना दी। इसके बाद उन्हें नरवाना के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मैडीकल कालेज रैफर कर दिया।

सूचना मिलने पर डेरे से जुड़ी बाल योगी साध्वी कंचन नाथ भी अग्रोहा मैडीकल कालेज पहुंची और अपनी गुरु का हाल जाना। गांव ढाकल में प्राचीन काली माता मंदिर के साथ ही नाथ सम्प्रदाय का आश्रम और एक गौशाला स्थित है। इसका संचालन गुरु राजनाथ करती हैं। डेरे में करीब 17 शिष्य हैं। साध्वी राजदास भी लंबे समय से डेरे की सेवा में जुड़ी हुई हैं। वारदात की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुरानी रंजिश या अन्य पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static