साइबर ठगों का ''APK'' जाल, बैंक कर्मचारी बन लगाया चूना...Link क्लिक करते ही खाते से उड़े 4 लाख रुपए

punjabkesari.in Sunday, Apr 19, 2026 - 03:26 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां फर्जी लिंक के जरिए एक कंपनी कर्मचारी के बैंक खाते से करीब 4 लाख रुपए उड़ा लिए गए। ठग ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर भरोसे में लिया और मोबाइल पर APK फाइल भेजकर वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित कंपनी कर्मचारी, जो लायलपुर कॉलोनी का रहने वाला है और सोनीपत में प्राइवेट नौकरी करता है, ने बताया कि उसके पास दो बैंक खाते हैं और वह दोनों का इस्तेमाल करता है। कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया।

M-पासबुक डाउनलोड करने का झांसा
कॉलर ने कहा कि आपके अकाउंट में M-पासबुक सक्रिय नहीं है और इसे डाउनलोड करना जरूरी है। इसके बाद मोबाइल पर “Bob m-connect(4).apk” नाम से एक लिंक भेजा गया। बैंक से संबंधित समझकर कर्मचारी ने बिना जांचे लिंक पर क्लिक कर दिया।

क्लिक करते ही खाते से कटने लगे पैसे
लिंक खोलते ही एक और कॉल आई, जिसे उसने रिसीव नहीं किया। थोड़ी देर बाद उसके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। सबसे पहले करीब ढाई लाख रुपए निकल गए।

शिकायत के बावजूद नहीं रुकी ट्रांजैक्शन
शक होने पर उसने तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई और बैंक को सूचित कर खाता फ्रीज करवा दिया। इसके बावजूद दो किश्तों में करीब डेढ़ लाख रुपए और निकल गए। पीड़ित ने दोबारा ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और संबंधित नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फिलहाल थाना साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सावधानी ही बचाव
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें और खुद को बैंक अधिकारी बताने वालों से सतर्क रहें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static