Kurukshetra : 3 महीने पहले डिलीवरी...अब विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, ससुराल पक्ष पर लगे गंभीर आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 04:14 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में एक 29 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान रजनी निवासी लाडवा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराई गई, जिसके बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई।

परिजनों के अनुसार रजनी की शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले जोगिंद्र उर्फ जगीर के साथ हुई थी और करीब तीन माह पहले उसने सीजेरियन डिलीवरी के जरिए बेटी को जन्म दिया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने उसे आराम की सलाह दी थी, लेकिन कुछ समय बाद उससे घर का काम कराया जाने लगा। परिजनों ने आरोप लगाया कि अधिक मेहनत के कारण उसके ऑपरेशन के टांकों में संक्रमण हो गया।

मृतका की मां बाला देवी ने आरोप लगाया कि सोमवार को ससुराल से फोन आने पर परिवार के लोग रजनी के घर पहुंचे। उस समय उसकी हालत बेहद खराब थी और वह बिस्तर पर बेसुध पड़ी थी। इसके बावजूद उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए ले जाया गया। बाद में लाडवा के सिविल अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने रजनी के ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

लाडवा थाना प्रभारी राजीव कुमार के अनुसार शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मृतका की मां के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static