क्रिकेटर विराट कोहली की कंपनी को डिलीवरी बॉय ने लगाया लाखों का चूना, 105 हाई-वैल्यू शिपमेंट किए गायब
punjabkesari.in Thursday, Sep 24, 2026 - 09:20 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): लॉजिस्टिक्स एवं कूरियर कंपनी में काम करने वाले डिलीवरी ब्वॉय पर क्रिकेटर विराट कोहली की कंपनी वन8 के लाखों रुपये के 105 शिपमेंट का गबन करने का आरोप है। इन शिपमेंट लाखों रुपये के जूते और कपड़े थे। कंपनी की तरफ से की गई आंतरिक जांच में इसका खुलासा हुआ है। बिलासपुर थाना पुलिस ने शिकायत पर बुधवार को विभिन्न धाराओं में डिलीवरी ब्वॉय के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
कंपनी के प्रतिनिधि तिलक राज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रेवाड़ी के नरहेड़ा गांव का रहने वाला हवा सिंह कंपनी में वरिष्ठ डिलीवरी ब्वॉय के पद पर कार्यरत था। उसका काम ग्राहकों से प्राप्त रिटर्न शिपमेंट्स लेकर जमा करवाने के साथ-साथ संबंधित क्लाइंट्स तक सुरक्षित पहुंचाना था। कंपनी की आंतरिक जांच में सामने आया कि हवा सिंह जानबूझकर अपने नियमित डिलीवरी ऑर्डर के साथ प्रसिद्ध स्पोर्ट्स व लाइफ स्टाइल ब्रांड वन8 के तीन से चार अतिरिक्त महंगे जूते व कपड़ों वाले शिपमेंट साथ लेकर जाता था।
इसके बाद वह इन्हें सिस्टम में जमा कराने के बजाय खुद रख लेता था। इस तरह उसने धीरे-धीरे कुल 105 हाई-वैल्यू शिपमेंट्स का अनधिकृत रूप से गबन कर लिया, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का वित्तीय नुकसान हुआ। गबन की जांच करने के बाद कंपनी की तरफ से पुलिस थाने में 15 सितंबर को शिकायत दी गई थी। शिकायत पर जांच करते हुए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बाद 22 सितंबर को मामला दर्ज किया गया।