नशे के सुरूर में Thar सवार ने कैब को मारी कई टक्कर, देर रात चला हाई वोल्टेज ड्रामा

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2026 - 12:35 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): गुड़गांव में थार का आतंक थमन का नाम नहीं ले रहा है। देर रात को सेक्टर-89 में थार सवार युवकों का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। नशे में धुत थार सवार ने एक कैब को कई बार टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैब के अगले दोनों एयरबैग खुल गए। वहीं, आसपास मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। वहीं, सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नंबर की थार में सवार होकर चार युवक सेक्टर-89 आए थे। यहां इन चारों युवकों में आपस में कोई विवाद हो गया। विवाद के बाद थार में सवार दो युवक उतर गए और उन्होंने अपने घर जाने के लिए रेपिडो के जरिए कैब बुक कर ली। कुछ देर वह सड़क पर खड़े होकर कैब का इंतजार करने लगे। जैसे ही कैब आई और दोनों युवक कैब में सवार हुए वैसे ही दोनों युवकों के साथी ने तैश में आकर अपनी थार गाड़ी से कैब में टक्कर मारनी शुरू कर दी। कई बार गाड़ी को बैक कर आरोपी ने कैब में टक्कर मारी। टक्कर का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कैब का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कैब के अगले दोनों एयरबैग खुल गए। इस दौरान गाड़ी में कैब ड्राइवर सहित दो अन्य युवक मौजूद थे।

 

इस दहशतगर्दी की आसपास मौजूद लोगों ने वीडियो बना ली। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो थार सवार युवक नशे में धुत थे और इसी नशे के सुरूर में इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना की जानकारी कैब ड्राइवर ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस की मानें तो थार गाड़ी दिल्ली में रजिस्टर्ड है। गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static