बजट के बावजूद भाजपा सरकार मेवात में यूनिवर्सिटी खोलने को लेकर गंभीर नहीं : दिग्विजय चौटाला
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 08:06 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि मेवात में यूनिवर्सिटी की घोषणा के बावजूद लंबे समय से भाजपा सरकार भूमि आवंटन नहीं कर पाई है, जोकि क्षेत्र के लोगों के साथ अन्याय है। शनिवार को दिग्विजय मेवात जिले के दौरे के दौरान ग्रामीणों से रूबरू थे।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दिग्विजय ने कहा कि पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सरकार में रहते हुए मेवात यूनिवर्सिटी के लिए बजट का प्रावधान कराया था, लेकिन भाजपा सरकार मेवात के विकास के लिए गंभीर नहीं है।
दिग्विजय चौटाला ने ये भी कहा कि आज किसानों के खराब हालात के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है और फसल खरीद के लिए बायोमेट्रिक जैसी नई-नई शर्तें लगाकर बेवजह किसानों को परेशान किया जा रहा है। वहीं गांव मांडीखेड़ा में हरिजन चौपाल पर संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देश की बड़ी शख्सियत में शुमार डॉक्टर अंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण का अवसर मिलना उनके लिए बड़ी सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि आज हम और आप जो खुली हवा में सांस ले रहे है और शान से जी रहे है,वह संविधान निर्माता डॉक्टर अंबेडकर जी की ही देन है। इस अवसर पर अनेक लोगों ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)